एलायंस एयर ने केंद्रशासित प्रदेश दमन को सीधे दिल्ली से जोड़ा
उड्डयन मंत्री ने नमो एयरपोर्ट दमन से पहली उड़ान को झंडी दिखाईस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 17 July 2026 01:14:03 PM
दमन/ नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने दादरा एवं नगर हवेली व दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल केसाथ केंद्रशासित प्रदेश दादरा व नगर हवेली एवं दमन और दीव केलिए ऐतिहासिक पहल में नमो हवाई अड्डे दमन से दमन-दिल्ली-दमन मार्ग पर पहली सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाई। सरकारी स्वामित्व वाले क्षेत्रीय वाहक एलायंस एयर की इस उड़ान केसाथ दमन का पहला सीधा हवाई संपर्क बन गया है। राममोहन नायडू ने इस ऐतिहासिक अवसर पर दमन के लोगों को बधाई दी और कहाकि अपनी पहली उड़ान केसाथ दमन सीधे देश की राजधानी से जुड़ गया है। अब सूरत या मुंबई से होकर 8 से 10 घंटे बिताने के बजाय दिल्ली दमन से सिर्फ़ 2.5 घंटे दूर होगी और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदलाव लाने वाली उड़ान योजना से ही संभव हुआ है। उन्होंने कहाकि यह इंडियन कोस्ट गार्ड एयर स्टेशन दमन से संचालित की जाने वाली द्विपक्षीय सुविधा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस नागरिक टर्मिनल की आधारशिला 25 अप्रैल 2023 को रखी थी और हवाई अड्डे का उद्घाटन 5 जून 2026 को किया था।
उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहाकि 12 वर्ष में दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव को 13,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की 450 से अधिक परियोजनाओं का लाभ हुआ है, यही कारण हैकि दमन के लोगों ने दमन की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के प्रधानमंत्री के स्वप्न के सम्मान में अपने नए एयरपोर्ट का नाम 'नमो एयरपोर्ट' रखा है। उन्होंने कहाकि इस क्षेत्र में दमन और दीव एवं दादरा और नगर हवेली में 7,000 से ज़्यादा उद्यम हैं और निकट के वापी और वलसाड में 15,000 से ज़्यादा उद्यम संचालित हैं। उड्डयन मंत्री ने कहाकि बेहतर हवाई संपर्क से कारोबार बढ़ेगा, निवेश आएगा और क्षेत्र के युवाओं केलिए रोज़गार के नए अवसरों का सृजन होगा। राममोहन नायडू किंजरापु ने क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहाकि हर वर्ष लगभग 20 लाख पर्यटक दमन आते हैं और जैसे-जैसे पर्यटकों को दमन के हवाई संपर्क से जुड़ने की जानकारी मिलेगी, यहां आनेवालों की संख्या तेज़ी से बढ़ेगी। उन्होंने कहाकि हमारी योजना रनवे को बढ़ाते हुए मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, पटना जैसे शहरों से संपर्क स्थापित करना है और दमन में एयरबस ए320 जैसे विमान सहित बड़े विमानों को उतारना है।
दीव एयरपोर्ट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहाकि वर्ष 2013 में वार्षिक यात्रियों की संख्या सिर्फ़ 19,000 थी, जो बढ़कर अब एक लाख से ज़्यादा हो गई है। उन्होंने कहाकि मंत्रालय बढ़ती मांग को पूरा करने केलिए दीव एयरपोर्ट पर एक नया टर्मिनल, एक और बड़ा रनवे बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। राममोहन नायडू ने दमन एयरपोर्ट के महत्व का उल्लेख करते हुए कहाकि प्रधानमंत्री ने दमन की ब्लू इकॉनमी को नीले आसमान की अपार संभावनाओं से जोड़ा है, दमन से मत्स्य, समुद्री उत्पाद और खाद्य प्रसंस्करण जैसे उत्पाद अब कुछही घंटों में देश के किसीभी कोने में पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहाकि इससे मछुआरा समुदाय को लाभ मिलेगा, समुद्री किसानों केलिए नए बाजार खुलेंगे और यहां फार्मा उद्यम को भी नई गति मिलेगी। उड्डयन मंत्री ने बदलाव लाने वाली उड़ान योजना को और 10 वर्ष बढ़ाने पर बल दिया और कहाकि अत्याधुनिक उड़ान योजना के अंतर्गत अगले 10 वर्ष में देशभर में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने केलिए 29,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है, जिससे भारत का क्षेत्रीय विमानन संपर्क और मज़बूत होगा। राममोहन नायडू ने नमो एयरपोर्ट परियोजना को पूरा करने हेतु भारतीय तटरक्षक बल को अहम योगदान केलिए विशेष धन्यवाद दिया।
केंद्रशासित प्रदेश के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहाकि नमो एयरपोर्ट गुजरात के वलसाड से महाराष्ट्र के पालघर तक फैले पूरे औद्योगिक कार्यबल केलिए गेमचेंजर सिद्ध होगा, इससे इस क्षेत्र के युवाओं केलिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने भरोसा जतायाकि अगले 15 वर्ष में हम दमन के नमो एयरपोर्ट को कई गुना बड़ा होते देखेंगे, जो इस क्षेत्रकी अर्थव्यवस्था केलिए गेमचेंजर के रूपमें उभरेगा। गौरतलब हैकि दमन के नमो एयरपोर्ट से उड़ान संचालन की शुरूआत हवाई यात्रा को आम बनाने और छोटे शहरों को बढ़ते विमानन नेटवर्क में जोड़ने के सरकार के विज़न में एक और बड़ी उपलब्धि है। केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन ने 25 एकड़ की भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण किया है, जिसमें नागर विमानन मंत्रालय ने इस परियोजना केलिए 88 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। यह टर्मिनल 3,700 वर्ग मीटर में फैला है और अभी यह हर दिन एटीआर 14 उड़ानों को संचालित करने में सक्षम है, जिसकी वार्षिक क्षमता 3 लाख 67 हजार यात्रियों की है। उड़ान संचालन कार्यक्रम में केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, एलायंस एयर, भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।