स्वतंत्र आवाज़
word map

मुंबई में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव प्रारंभ

भारत और दुनियाभर की प्रतिभाओं व सिनेप्रेमियों का जमावड़ा

डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिक्शन एनिमेशन व एआई जनरेटेड फिल्में प्रदर्शित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 16 June 2026 05:32:07 PM

international film festival begins in mumbai

मुंबई। डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिक्शन, एनिमेशन और एआई जनरेटेड फिल्मों केसाथ भारत का प्रमुख फिल्म समारोह मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 19वां संस्करण मुंबई के रवींद्र नाट्य मंदिर में भव्य उद्घाटन समारोह केसाथ शुरू हो चुका है। भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय केतहत राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के आयोजित एमआईएफएफ नॉन-फीचर सिनेमा को समर्पित दक्षिण एशिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े फिल्म महोत्सव के तौरपर अपनी विरासत को आगे बढ़ा रहा है। बीते कुछ साल में एमआईएफएफ फिल्म निर्माताओं, कहानीकारों और रचनात्मक पेशेवरों केलिए एक वैश्विक स्तरपर पहचाने जाने वाले मंच के रूपमें विकसित हुआ है, जो दमदार और रचनात्मक सिनेमा की कहानियों के ज़रिए सार्थक बातचीत को बढ़ावा देता है।
मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 19वां संस्करण भारत और दुनियाभर के मशहूर फिल्म निर्माताओं, सिनेजगत के जानकारों, उभरती प्रतिभाओं और सिनेप्रेमियों को एकसाथ लाता है, जो डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिक्शन, एनिमेशन और एआई फिल्म निर्माण जैसी बेहतरीन कलाओं से जुड़े हैं। महोत्सव के पहले दिन रेड कार्पेट पर खास मेहमानों, फिल्म निर्माताओं और प्रतिनिधियों का आगमन हुआ, जिसके बाद समारोह की शुरूआत हुई। उद्घाटन समारोह में सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री डॉ एल मुरुगन, सूचना प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार और मशहूर फिल्म निर्माता व निर्देशक डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों और आईटी मंत्री आशीष शेलार, मराठी भाषा विभाग के सचिव डॉ किरण कुलकर्णी, एनएफडीसी के चेयरमैन जी कृष्णकुमार, एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदुम, फिल्म निर्माता और वी शांताराम के पुत्र किरण शांताराम, फिल्म निर्माता और इफ्फी के निदेशक आशुतोष गोवारिकर, फिल्म अभिनेता जयदीप अहलावत, अभिनेत्री शीना चौहान, पीआईबी मुंबई की महानिदेशक स्मिता वत्स शर्मा, फिल्म अभिनेता जयदीप अहलावत उपस्थित थे।
सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ एल मुरुगन ने महोत्सव का उद्घाटन किया और मुख्य वक्तव्य दिया, जिसने सप्ताहभर चलने वाले इस आयोजन की दिशा निर्धारित करते हुए भारत को कथावाचन, सामग्री सृजन और रचनात्मक उद्यमिता के उभरते वैश्विक केंद्र के रूपमें प्रस्तुत किया। उन्होंने भारत के मीडिया और मनोरंजन पारितंत्र की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहाकि भारत को विश्वभर में एक रचनात्मक महाशक्ति और सामग्री सृजन के क्षेत्रमें एक विश्वसनीय भागीदार के रूपमें मान्यता प्राप्त है, हमारी कहानियों में महाद्वीपों के पार दर्शकों को प्रेरित करने की क्षमता है, जबकि हमारी रचनात्मक प्रतिभा का आधार अपने व्यापक आकार और क्षमता के कारण अद्वितीय है। डॉ एल मुरुगन ने कहाकि भारत का मीडिया और मनोरंजन उद्योग वर्ष 2025 में 9 प्रतिशत की वृद्धि केसाथ 2.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिसका प्रमुख कारण तीव्र डिजिटल रूपांतरण और सामग्री उपभोग में विस्तार रहा। उन्होंने कहाकि डिजिटल मीडिया उद्योग का सबसे बड़ा खंड बन चुका है और इसने पहलीबार 1 लाख करोड़ रुपये के राजस्व का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने कहाकि इस क्षेत्र के वर्ष 2028 तक 3.3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जिसमें 7 प्रतिशत से अधिक की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर रहने की संभावना है, अकेले वर्ष 2025 में ही भारत में 1900 से अधिक फिल्में प्रदर्शित हुईं, जिससे सिनेमाघर आधारित राजस्व में 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
मुंबई को भारत की रचनात्मक राजधानी बताते हुए डॉ एल मुरुगन ने वर्ष 2025 में शहर में वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) की सफलता का उल्लेख किया और कहाकि एमआईएफएफ जैसे मंच भारत को विश्व का अग्रणी रचनाकार केंद्र बनाने की महत्वाकांक्षा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृत्तचित्र फिल्म निर्माताओं को निर्माताओं, वितरकों, उद्योग विशेषज्ञों और वैश्विक दर्शकों से जोड़ने वाले एक प्रमुख मंच के रूपमें उभर रहे वेव्स डॉक बाज़ार के बढ़ते महत्व पर चर्चा करते हुए डॉ एल मुरुगन ने कहाकि यह पहल उभरती प्रतिभाओं और स्थापित पेशेवरों केबीच की दूरी को कम करने में मदद कर रही है, साथही प्रभावशाली वृत्तचित्रों के निर्माण और उनके अंतर्राष्ट्रीय वितरण को भी सक्षम बना रही है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और महोत्सव से जुड़े हितधारकों को बधाई देते हुए डॉ एल मुरुगन ने विश्वास व्यक्त कियाकि एमआईएफएफ 2026 नवाचार, रचनात्मकता और सहयोग से मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]