स्वधा वेलनेस वियर कलेक्शन में योग और खादी को एकसाथ पिरोया
'योग और खादी जीवन दर्शन और स्वस्थ संतुलित जीवनशैली के प्रतीक'स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 13 June 2026 02:48:54 PM
नई दिल्ली। खादी और ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन मनोज गोयल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केलिए 'स्वधा' नाम से विशेष वेलनेस वियर कलेक्शन पेश किया है। खादी उत्कृष्टता केंद्र का निर्मित यह संग्रह आधुनिक परिधान शैलियों केसाथ योग, स्वास्थ्य और संतुलित जीवन की भारतीय अवधारणाओं को मिश्रित करने का एक अभिनव प्रयास है। यह समारोह केवीआईसी के सहयोग से नई दिल्ली के हौज खास में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी परिसर में खादी उत्कृष्टता केंद्र के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित किया गया। इस मौके पर केवीआईसी के चेयरमैन मनोज गोयल ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव पर संयुक्तराष्ट्र महासभा के 2014 में घोषित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर साल 21 जून को दुनियाभर में मनाया जाता है, यह दिन योग की प्राचीन भारतीय परंपरा का जश्न मनाता है, जो शरीर मन और आत्मा केबीच तालमेल बिठाकर संपूर्ण स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देती है।
केवीआईसी के चेयरमैन मनोज गोयल ने कहाकि इसी भावना से इसबार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केलिए स्वधा वेलनेस वियर कलेक्शन तैयार किया गया है, जिसमें भारत की दो महत्वपूर्ण विरासतों-योग और खादी को एकसाथ पिरोया गया है। मनोज गोयल ने कहाकि खादी सिर्फ एक कपड़ा नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने समझायाकि 'स्वधा' शब्द अथर्ववेद से लिया गया है, इसका अर्थ है-सुगमता आराम और आध्यात्मिक संतुष्टि। इसी सोच पर आधारित यह कलेक्शन सादगी, आराम और हर स्थिति में ढलने की खूबी को प्राथमिकता देता है। इसे आधुनिक जीवनशैली की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिससे यह योग करने और रोजमर्रा के इस्तेमाल केलिए उपयुक्त है। इस कलेक्शन में नौ अलग-अलग तरह के कपड़े शामिल हैं, जिन्हें आसानी से हिलने-डुलने और पूरे दिन आराम देने केलिए बनाया गया है। ज्यादातर कपड़े फ्री-साइज और जेंडर-न्यूट्रल (स्त्री-पुरुष दोनों केलिए उपयुक्त) हैं। इन कपड़ों में इस्तेमाल किया गया खादी का फैब्रिक हवादार, हल्का, मुलायम और प्राकृतिक आराम देने वाला होने के कारण आरामदायक कपड़ों केलिए बहुत अच्छा है।
स्वधा कलेक्शन में तीन नामी संस्थाओं-गांधीग्राम खादी एंड वीआई पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट (तमिलनाडु), पय्यानूर फिरका ग्रामोदय खादी संघ (केरल) और क्षेत्रीय पंजाब खादी मंडल (पंजाब) की खादी का इस्तेमाल किया गया है। केवीआईसी चेयरमैन ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर भारत और लोकल टू ग्लोबल के विजन ने खादी ग्रामोद्योग क्षेत्रमें नई ऊर्जा और एक नई पहचान का संचार किया है। उन्होंने कहाकि इस क्षेत्र ने 2025-26 वित्तीय वर्ष में ₹1.87 लाख करोड़ की रिकॉर्ड बिक्री करके इतिहास रचा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशभर के लाखों कारीगरों, बुनकरों, ग्रामीण उद्यमियों और खादी संस्थानों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहाकि खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र ने ₹2.51 लाख करोड़ का महत्वाकांक्षी टर्नओवर लक्ष्य तय किया है। उन्होंने भरोसा जतायाकि यह क्षेत्र विकसित भारत के निर्माण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
मनोज गोयल ने बतायाकि खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र देशभर में लगभग 2.04 करोड़ लोगों को रोज़गार दे रहा है। उन्होंने कहाकि यह ध्यान देने वाली बात हैकि खादी उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना 2021 में खादी और ग्रामोद्योग आयोग और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी के सहयोग से की गई थी। उन्होंने कहाकि यह केंद्र डिजाइन नवाचार, ब्रांड विकास और बाजार की जरूरतों के हिसाब से बदलावों के जरिए खादी को आधुनिक बनाने और आजके ग्राहकों केलिए इसे ज़्यादा प्रासंगिक बनाने केलिए समर्पित है। मनोज गोयल ने कहाकि स्वधा वेलनेस वियर कलेक्शन इस पहल का एक अहम नतीजा है, जो सेहत परंपरा और सस्टेनेबल जीवनशैली के मूल्यों को एकसाथ लाता है। स्वधा वेलनेस वियर कलेक्शन के लॉंच पर केवीआईसी, सीओईके, एनआईएफटी के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।