'भारत और रोमानिया के लोगों के बीच गहरी मित्रता का प्रतीक'
शिक्षा जीवन में एक सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति है-द्रौपदी मुर्मुस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 25 July 2026 12:20:25 PM
बुखारेस्ट/ नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को रोमानिया में बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ़ इकोनॉमिक स्टडीज़ ने मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज़ के रेक्टर, सीनेट और विश्वविद्यालय परिवार का इस सम्मान केलिए आभार व्यक्त किया और इसे भारत रोमानिया के लोगों केबीच गहरी मित्रता का प्रतीक बताया। राष्ट्रपति ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहाकि शिक्षा उनके जीवन में सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति रही है। उन्होंने बतायाकि उन्हें एक शिक्षिका के रूपमें कार्य करने का सौभाग्य मिला और उन्होंने स्वयं देखाकि कैसे एक क्लासरूम चाहे वह कितना भी साधारण क्यों न हो, किसी परिवार और समय केसाथ पूरे समुदाय के भविष्य की दिशा बदल सकता है। उन्होंने कहाकि शिक्षा केवल व्यक्तिगत प्रगति का साधन नहीं है, बल्कि एक न्यायपूर्ण और समावेशी समाज की सबसे मजबूत नींव है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि भारत और रोमानिया की मित्रता आपसी सम्मान, विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है और शिक्षा इस साझेदारी के सबसे मज़बूत स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहाकि कई दशक से रोमानिया के विश्वविद्यालय विशेष रूपसे चिकित्सा, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में भारतीय विद्यार्थियों का स्वागत करते रहे हैं। उन्होंने बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज और रोमानिया के अन्य शैक्षणिक संस्थानों से संयुक्त अनुसंधान तथा शिक्षक और विद्यार्थी आदान प्रदान से आपसी सहयोग को और मजबूत करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने कहाकि आज जब एआई, डिजिटल प्रौद्योगिकी और विज्ञान की तेज प्रगति दुनिया को बदल रही है, तब बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज़ जैसे विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी औरभी बढ़ जाती है। उन्होंने कहाकि यह सुनिश्चित करना आवश्यक हैकि ज्ञान केसाथ बुद्धिमत्ता, नैतिकता और करुणा भी जुड़ी रहे।
राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहाकि वे आनेवाले कल के निर्माता हैं और सफलता केवल पेशेवर उपलब्धियों से नहीं मापी जाती, बल्कि उन मूल्यों से भी मापी जाती है, जिनका वे पालन करते हैं और दूसरों के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दीकि वे ज्ञान की खोज में जिज्ञासु बनें, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें, अपने कार्यों में दयालुता लाएं, अपनी प्रतिभा का उपयोग संस्कृतियों को जोड़ने, एक अधिक शांतिपूर्ण और समृद्ध दुनिया बनाने में करें। गौरतलब हैकि बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज रोमानिया में अर्थशास्त्र, व्यवसाय और लोक प्रशासन की उच्चशिक्षा का प्रमुख संस्थान है। इसकी स्थापना वर्ष 1913 में हुई थी। यह रोमानिया का पहला विश्वविद्यालय था, जो केवल आर्थिक विज्ञान की शिक्षा केलिए समर्पित था, तबसे इसने अनेक अर्थशास्त्रियों, नीति निर्माताओं, बिजनेस लीडरों और लोक प्रशासकों को तैयार किया है। 'डॉक्टर होनोरिस कॉज़ा' विश्वविद्यालय का सर्वोच्च शैक्षणिक सम्मान है, यह शिक्षा, लोकसेवा और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्रमें असाधारण योगदान देने वाली जानीमानी विभूतियों को दिया जाता है।