मालदीव और भारत में आर्थिक व वित्तीय संबंध और सुदृढ़ हुए
जुलाई 2025 में हुआ था फवारा-यूपीआई एकीकरण समझौतास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 31 July 2026 04:41:17 PM
माले/ नई दिल्ली। मालदीव मोनेटरी अथॉरिटी (एमएमए) ने मालदीव की तत्काल भुगतान प्रणाली 'फवारा' और भारत के एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) केबीच एकीकरण के सफल शुभारंभ की घोषणा कर दी है। यह मालदीव और भारत केबीच सीमापार डिजिटल वित्तीय संपर्क और द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग में एक रूपांतरकारी उपलब्धि है। रियल टाइम ट्रांसफर सेवा केतहत मालदीव के लोग फवारा का उपयोग करके भारत में लाभार्थियों को रियल टाइम में धनराशि भेज सकते हैं। यह लेनदेन मालदीवियन रुफिया (एमवीआर) में शुरू होता है और यूपीआई से प्राप्तकर्ताओं के खाते में भारतीय रुपये (आईएनआर) में जमा होता है।
प्रारंभिक चरण में यह सेवा दो स्थानीय बैंकों-बैंक ऑफ मालदीव पीएलसी और मालदीव इस्लामिक बैंक पीएलसी की भागीदारी केसाथ शुरू हो चुकी है। इन बैंकों के ग्राहक अपने मोबाइल बैंकिंग एप्लिकेशन और फवारा पेमेंट रेल का उपयोग करके भारत में यूपीआई सक्षम बैंक खातों में सीधे व्यक्ति-से-व्यक्ति हस्तांतरण कर सकते हैं। अनुमत प्रेषण श्रेणियों में फॉरेन इनवार्ड और फॉरेन आउटवार्ड रेमिटेंस दोनों के अंतर्गत परिवार के भरण-पोषण से संबंधित प्रेषण, साथही फॉरेन आउटवार्ड रेमिटेंस के अंतर्गत अनुमत उपहार से संबंधित प्रेषण शामिल हैं। यह कार्यांवयन एमएमए, भारतीय रिज़र्व बैंक, एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड, सहभागी वित्तीय संस्थानों और दोनों देशों के हितधारकों केबीच घनिष्ठ सहयोग को दर्शाता है।
फवारा-यूपीआई एकीकरण समझौता एनआईपीएल और एमएमए केबीच जुलाई 2025 में किया गया था। परीक्षण, प्रमाणीकरण, ऑनबोर्डिंग और लाइव सत्यापन केलिए 10 दिन की त्वरित समयसीमा केबाद कॉरिडोर पूरी तरह से परिचालन केलिए तैयार हो गया। सहयोग केबाद के चरणों में क्यूआर आधारित व्यापारी भुगतान और नवीन डिजिटल भुगतान सेवाओं सहित अतिरिक्त सीमापार भुगतान उपयोग के मामलों को पेश किया जाएगा, इससे मालदीव और भारत केबीच आर्थिक एवं वित्तीय संबंध और ज्यादा सुदृढ़ होंगे। कंबोडिया, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर और श्रीलंका देश भारतीय यात्रियों को यूपीआई के माध्यम से विदेश में निर्बाध भुगतान करने में सक्षम बनाते हैं।