स्वतंत्र आवाज़
word map

नरेंद्र मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान

भारत-साइप्रस के बीच रक्षा सहित कई महत्वपूर्ण समझौते हुए

राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने की पहलगाम हमले की निंदा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 17 June 2025 12:43:18 PM

pm narendra modi and president nikos christodoulides

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रांड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मैकारियोस III’ से अलंकृत किया है। प्रधानमंत्री ने यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों की ओरसे ग्रहण करते हुए साइप्रस के राष्ट्रपति, वहां की सरकार और लोगों केप्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह सम्मान भारत और साइप्रस केबीच मधुर संबंधों को समर्पित किया, जो साझा मूल्यों और आपसी विश्वास पर आधारित हैं। उन्होंने कहाकि यह सम्मान भारत के ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के सदियों पुराने दर्शन की स्वीकृति है, जो वैश्विक शांति और प्रगति के दृष्टिकोण का मार्गदर्शन करता है। प्रधानमंत्री ने इसे भारत और साइप्रस केबीच साझेदारी को मजबूत करने और विविधता लाने की नई प्रतिबद्धता के रूपमें भी स्वीकार किया। उन्होंने कहाकि यह सम्मान शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और समृद्धि केलिए दोनों देशों की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साइप्रस के लारनाका अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने अगवानी करते हुए गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों राजनेताओं ने राष्ट्रपति भवन में आधिकारिक वार्ता की, जिसमें उन्होंने आपसी विश्वास और स्थायी मित्रतापूर्ण संबंधों को रेखांकित करने वाले साझा मूल्यों पर प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने एक-दूसरे देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने केलिए समर्थन को दोहराया। प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में एकजुटता और समर्थन केलिए साइप्रस को धन्यवाद दिया। उन्होंने साइप्रस की एकता और संयुक्तराष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों, अंतर्राष्ट्रीय कानून और यूरोपीय संघ के अधिग्रहण के आधार पर साइप्रस से जुड़े मामलों के शांतिपूर्ण समाधान केलिए भारत के समर्थन को भी दोहराया। राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापार व निवेश, विज्ञान एवं अनुसंधान, सांस्कृतिक सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों केबीच संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों तथा फिनटेक, स्टार्टअप, रक्षा उद्योग, कनेक्टिविटी, नवाचार, डिजिटलीकरण, एआई और गतिशीलता के नए क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों की भी खोज की।
राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रणनीतिक क्षेत्रोंमें सहयोग को मजबूत करने केलिए पांच साल का रोडमैप तैयार करने पर सहमति व्यक्त की। वे साइबर व समुद्री सुरक्षा संवाद और आतंकवाद, ड्रग्स तथा हथियारों की तस्करी के मुद्दों पर सूचनाओं के आदान प्रदान का तंत्र स्थापित करने पर भी सहमत हुए। दोनों नेताओं ने जनवरी 2025 में हस्ताक्षरित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग कार्यक्रम की सराहना की, जो दोनों देशों की रक्षा साझेदारी को ठोस आकार देगा। उन्होंने आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने केलिए भारत-ग्रीस-साइप्रस व्यापार और निवेश परिषद की स्थापना का स्वागत किया। दोनों ने व्यापार, पर्यटन, ज्ञान और नवाचार संबंधों को मजबूत करने केलिए हवाई संपर्क बढ़ाने पर भी बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कहाकि भारत, मध्य पूर्व यूरोप आर्थिक गलियारा क्षेत्रमें शांति और समृद्धि में योगदान देगा। उन्होंने विस्तारित संयुक्तराष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता केलिए साइप्रस के समर्थन को दोहराने केलिए राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस को धन्यवाद दिया। उन्होंने पश्चिम एशिया और यूरोप में जारी संघर्ष सहित वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान प्रदान किया। वार्ता के दौरान निकोसिया विश्वविद्यालय में ‘भारत अध्ययन आईसीसीआर चेयर’ स्थापित करने केलिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए और भारत-साइप्रस साझेदारी पर संयुक्त घोषणापत्र भी जारी किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस को भारत आने का निमंत्रण दिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]