राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की भारत रूस अटूट व शाश्वत मित्रता की शुभकामना
'भारत और रूस की बहुआयामी साझेदारी 2025 में विशेष रूपसे फलदायी'स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 6 December 2025 02:05:27 PM
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रूसी संघ के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि उनकी यह भारत यात्रा एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि यह भारत रूस सामरिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ है, जिसकी स्थापना अक्टूबर 2000 में राष्ट्रपति के रूपमें उनकी पहली भारत यात्रा के दौरान हुई थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी केलिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के समर्थन और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहाकि भारत रूस साझेदारी शांति, स्थिरता, पारस्परिक सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी प्रगति केप्रति साझा प्रतिबद्धता से प्रेरित है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि वर्ष 2025 भारत रूस की बहुआयामी साझेदारी केलिए विशेष रूपसे फलदायी रहा है, इसमें उच्चस्तरीय राजनीतिक आदान प्रदान, व्यापार और अर्थव्यवस्था, रक्षा, असैन्य परमाणु सहयोग, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति और लोगों केबीच जीवंत आदान प्रदान जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहाकि 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन का संयुक्त वक्तव्य भारत रूस केबीच घनिष्ठ ऐतिहासिक संबंधों की विशेष प्रकृति को दर्शाता है तथा दोनों देशों केबीच द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने केलिए व्यापक रूपरेखा प्रदान करता है। राष्ट्रपति ने दोनों देशों के लोगों केबीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संवाद कोभी याद किया, जिसमें रूसी यात्रियों का भारत आना, भारतीय व्यापारियों का रूस जाना, प्राचीन व्यापार मार्गों से लेकर महात्मा गांधी और लियो टॉलस्टॉय केबीच पत्रों के माध्यम से प्रेरणादायक पत्राचार और एकदूसरे की समृद्ध सांस्कृतिक, साहित्यिक और कलात्मक विरासत केलिए पारस्परिक प्रशंसा शामिल है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि गंगा और वोल्गा की संगम भावना हमारी मित्रता में प्रवाहित होती है और यह हमारे सहयोग का मार्गदर्शन करती रहेगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विश्वास व्यक्त कियाकि भारत और रूस केबीच मित्रता कई वर्ष से अटूट है और आनेवाले वर्षों में औरभी ज्यादा मजबूत होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उत्तम स्वास्थ्य केलिए, रूसी जनता की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि हेतु तथा भारत रूस की अटूट और शाश्वत मित्रता केलिए शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।