'सरकार मणिपुर में सुरक्षा स्थिरता एवं समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध'
मणिपुर में राष्ट्रपति के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोहस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 12 December 2025 03:12:34 PM
इम्फाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मणिपुर सरकार और जनसामान्य के द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। इम्फाल के सिटी कन्वेंशन सेंटर में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहाकि मणिपुर लचीलेपन, साहस और असाधारण सांस्कृतिक समृद्धि की भूमि है, पीढ़ियों से यहां के लोगों ने खेल, सशस्त्र बलों, कला और संस्कृति तथा सार्वजनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अमूल्य योगदान देकर राष्ट्र को समृद्ध किया है। राष्ट्रपति ने कहाकि वे मणिपुर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण हिंसा केबाद जनता द्वारा झेले गए दर्द से अवगत हैं। उन्होंने आश्वासन दियाकि मणिपुर की जनता की चिंताओं का ध्यान रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि केंद्र सरकार सद्भाव को मजबूत करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थिरता एवं समृद्धि की राह पर मणिपुर का समर्थन करने केलिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहाकि सरकार राज्यभर में समान विकास को बढ़ावा देने केलिए भी प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करेगीकि विकास और प्रगति के लाभ राज्य के प्रत्येक कोने तक पहुंचें। राष्ट्रपति ने कहाकि मणिपुर दक्षिण-पूर्व एशिया केसाथ भारत के जीवंत संबंधों का प्रवेश द्वार है, यहां की युवा पीढ़ी, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता इसे असीमित संभावनाओं वाला राज्य बनाती है। उन्होंने कहाकि सशक्त महिलाएं मणिपुर की पहचान है, बीसवीं शताब्दी के आरंभिक दशकों में मणिपुर की बहादुर महिलाओं ने दो बार ऐतिहासिक नुपी लाल या महिला युद्ध लड़े। उन्होंने अपनी उचित मांगों को स्वीकार करने केलिए औपनिवेशिक और सामंती शक्तियों को बाध्य करने में सफलता प्राप्त की, वे प्रत्येक भारतीय केलिए प्रेरणास्रोत हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि मणिपुर के लोग प्रतिभाशाली और मेहनती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों के लोग नए सिरे से सद्भाव बनाए रखेंगे और राज्य को समृद्धि व सुख की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। राष्ट्रपति ने मणिपुर की जनता से सद्भाव और विकास के उपायों का समर्थन जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहाकि हमें मिलकर मणिपुर को एक ऐसे राज्य के रूपमें मजबूत करना चाहिए, जहां प्रत्येक बच्चा सुरक्षित महसूस करे, प्रत्येक महिला सशक्त महसूस करे, प्रत्येक समुदाय अपने को मुख्यधारा में माने और प्रत्येक नागरिक उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़े। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ऐतिहासिक मापाल कांगजेइबुंग में पोलो प्रदर्शनी मैच देखने भी पहुंची।