स्वतंत्र आवाज़
word map

'रक्षा आत्मनिर्भरता से राष्ट्र में नया आत्मविश्वास'

रक्षामंत्री ने बीईएल की मिसाइल एकीकरण सुविधा का उद्घाटन किया

आकाश तृतीय व चतुर्थ रेजिमेंट की युद्ध प्रणालियों को भी झंडी दिखाई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 17 February 2026 12:27:06 PM

defense minister rajnath singh

बेंगलुरु। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के बेंगलुरु परिसर में स्थापित मिसाइल एकीकरण सुविधा का उद्घाटन किया। उन्होंने आकाश तृतीय एवं चतुर्थ रेजिमेंट की युद्ध प्रणालियों को झंडी दिखाई और अत्याधुनिक माउंटेन फायर कंट्रोल रडार का भी अनावरण किया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उत्कृष्टता केंद्र पुणे का ऑनलाइन उद्घाटन किया और बीईएल की एआई नीति भी शुरू की। रक्षामंत्री को भारतीय एआई स्टार्टअप्स ने एआई समाधानों सहित उन्नत स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी, जो भारत के रक्षाक्षेत्र में नवाचार एवं स्वदेशीकरण पर बढ़ते ध्यान को दर्शाती है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों, एवियोनिक्स, नौसैनिक प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रो ऑप्टिक्स तथा टैंक इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में प्रगति केलिए बीईएल की सराहना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहाकि बीईएल ने नेटवर्क केंद्रित संचालन को सशक्त बनाया है, इसकी एकीकृत प्रणालियां, वास्तविक समय में डेटा साझा करने की क्षमता व निर्णय समर्थन प्रणालियां भारत की युद्धक क्षमता को एक नए स्तर पर ले गई हैं। राजनाथ सिंह को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में संचालित अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों से अवगत कराया गया, जो प्रमुख राष्ट्रीय रक्षा कार्यक्रमों के अनुरूप हैं। इनमें त्वरित प्रतिक्रिया सतह से वायु में मारक मिसाइल प्रणाली, लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट मार्क-II, एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट, प्रोजेक्ट कुशा, काउंटर ड्रोन प्रणाली, नौसेना हथियार नियंत्रण प्रणाली आदि शामिल हैं। इस प्रस्तुतीकरण में इस तथ्य पर विशेष बल दिया गयाकि स्वदेशी अनुसंधान एवं विकास पहल जल थल वायुसेना और रणनीतिक क्षेत्रोंमें परिचालन तत्परता को सुदृढ़ कर रही हैं, साथही विदेशी प्रौद्योगिकियों पर निर्भरता को भी कम कर रही हैं।
रक्षामंत्री ने कहाकि वायुक्षेत्र रक्षा व ड्रोनरोधी अभियानों हेतु विकसित प्रणालियों ने देश के स्वदेशी समाधान वैश्विक मानकों के अनुरूप सिद्ध किया है। रक्षामंत्री ने कहाकि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान खतरों को निष्प्रभावी करने केलिए स्वदेशी वायु रक्षा और ड्रोनरोधी प्रणालियों का प्रभावी उपयोग किया गया। राजनाथ सिंह ने कहाकि एआई से खतरे की भविष्यवाणी, पूर्व चेतावनी और प्रतिक्रिया तंत्र में हुई प्रगति से हमारे सैनिकों में परिचालन आत्मविश्वास बढ़ा है, उन्हें भरोसा हैकि एक सशक्त वैज्ञानिक और इंजीनियरिंग प्रणाली सदैव उनके साथ खड़ी है। राजनाथ सिंह ने कहाकि केवल आत्मनिर्भरता से अर्जित जीत ही राष्ट्र को नया आत्मविश्वास प्रदान करती है। रक्षामंत्री ने कहाकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग अब केवल भविष्य की अवधारणाएं नहीं रह गई हैं, बल्कि वास्तविक समय में निर्णय निर्माण, स्वायत्त प्रणालियों, साइबर रक्षा तथा सटीक अभियानों में इनके उपयोग से युद्धक्षेत्र की प्रकृति में व्यापक परिवर्तन आ रहा है।
भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में रक्षामंत्री ने बीईएल, अन्य रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों और उद्योग भागीदारों से आग्रह कियाकि वे आनेवाली नई तकनीकी क्रांति में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने बीईएल के अनुसंधान एवं विकास समुदाय को प्रोत्साहित कियाकि वह एआई व स्वायत्त प्रणालियों में नवीनतम प्रौद्योगिकियों का उपयोग करते हुए स्टार्टअप्स, उद्योग और शिक्षा जगत केसाथ मिलकर चुस्त उत्पाद विकास को बढ़ावा दे। रक्षामंत्री ने बीईएल के विश्वस्तरीय उत्पाद विकसित करने हेतु अंतर विषयक सहयोग, नवाचार व तीव्र प्रोटोटाइपिंग को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि यह प्रयास ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना के अनुरूप हो। रक्षामंत्री ने स्टार्टअप्स एवं युवा वैज्ञानिकों से संवाद किया और उन्हें अधिक से अधिक उन्नत स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के विकास हेतु प्रेरित किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में बेल्जियम और यूरोपीय संघ की केंद्रीय अनुसंधान प्रयोगशालाओं, सीओई-इलेक्ट्रॉनिक्स वॉरफेयर एंड फोटोनिक्स, सीओई-कम्युनिकेशन, सीओई-रडार एंड वेपन सिस्टम्स और उत्पाद विकास एवं नवाचार केंद्र के स्वदेशी उपायों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर स्टार्टअप्स और उद्योग भागीदारों ने भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, अपर सचिव एवं अधिग्रहण महानिदेशक ए अनबरासु और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक मनोज जैन और वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]