स्वतंत्र आवाज़
word map

दिल्ली मेरठ नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित

उत्तर प्रदेश विश्वस्तरीय अवसंरचना युग का साक्षी बन रहा-नरेंद्र मोदी

नमो भारत और मेट्रो रेल एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक पर चलेंगी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 23 February 2026 11:51:15 AM

delhi-meerut namo bharat corridor dedicated to the nation

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो मार्ग का उद्घाटन किया और इसको विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत केलिए नई ऊर्जा का स्रोत बताया। यह भारत में पहलीबार है, जब एकही मंच से एकही दिन रैपिड रेल और मेट्रो सेवा दोनों का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री ने कहाकि यह परियोजना विकसित भारत का एक शानदार उदाहरण प्रस्तुत करती है, एकीकृत प्रणाली शहर के भीतर यात्रा केलिए मेट्रो और जुड़वां शहरों की परिकल्पना को गति देने केलिए नमो भारत ट्रेनों का उपयोग करती है। डबल इंजन सरकार की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि अब परियोजनाएं अधर में नहीं लटकती हैं, उनकी सरकार जिस कार्य की नींव रखती है, उसे पूरा करती है। प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो में यात्राकर छात्रों और यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने इस परियोजना को नारीशक्ति का प्रतीक बताते हुए इसकी सराहना की और कहाकि अधिकांश ट्रेन संचालक और स्टेशन नियंत्रण कर्मचारी महिलाएं हैं। उन्होंने देश की पहली नमो भारत रैपिड रेल सेवा केलिए उत्तर प्रदेशवासियों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ से अपने विशेष जुड़ाव को याद करते हुए कहाकि 2014, 2019 और 2024 के उनके राष्ट्रीय चुनाव अभियान इसी क्रांतिकारी भूमि से शुरू हुए थे। उन्होंने क्षेत्र के किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को उनके निरंतर सहयोग केलिए धन्यवाद दिया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि 2014 से पहले मेट्रो सेवाएं केवल 5 शहरों तक ही सीमित थीं, लेकिन अब 25 से अधिक शहरों में मेट्रो चल रही है, जिससे भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन गया है। उन्होंने कहाकि इस परियोजना की एक अनूठी विशेषता सराय काले खान, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ में भारतीय रेलवे, मेट्रो और बस स्टैंडों का एकीकरण है। प्रधानमंत्री ने कहाकि पहलीबार नमो भारत और मेट्रो रेल एकही ट्रैक और स्टेशन पर चलेंगी, इस एकीकरण से यात्रियों को शहर के भीतर यात्रा करने या सीधे दिल्ली जाने की सुविधा मिलेगी, जिससे कई श्रमिकों और छात्रों की दिल्ली में किराए के मकानों में रहने की मजबूरी खत्म हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहाकि सरकार ने आधुनिक अवसंरचना में निवेश किया है, जिसमें एक्सप्रेसवे, माल ढुलाई गलियारे और जेवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रमुख हैं, ये क्षेत्र में नए उद्योगों और व्यवसायों को आकर्षित कर रही हैं और व्यापक रोज़गार अवसर पैदा कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश को श्रम और सृजन की भूमि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि राज्य के किसान, कारीगर विरासत और विकास के मंत्र को सफलतापूर्वक साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहाकि भारत की वैश्विक शक्ति बढ़ने केसाथ ही विकसित देश भारत की युवा शक्ति का लाभ उठाने केलिए व्यापार समझौते करने को उत्सुक हैं। नरेंद्र मोदी ने कहाकि आज विश्व भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान करने में सक्षम एक महाशक्ति के रूपमें देखती है, जिससे उत्तर प्रदेश के नागरिक सीधे लाभांवित होते हैं। प्रधानमंत्री ने सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहाकि इसवर्ष के केंद्रीय बजट में 10000 करोड़ रुपये के विशेष कोष का प्रावधान किया गया है, जिससे एमएसएमई केलिए ऋण लेना आसान हो जाएगा। उन्होंने बुनकरों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने में मदद करने केलिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना का भी जिक्र किया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि कूरियर से माल भेजने की 10 लाख रुपये की सीमा समाप्त कर दी गई है, इससे मेरठ और पूरे उत्तर प्रदेश के छोटे उद्यमी ऑनलाइन ऐप से सीधे अमेरिका और यूरोप के ग्राहकों को अपना माल बेच सकेंगे।
नरेंद्र मोदी ने कहाकि चौधरी चरण सिंह की दूरदृष्टि को सम्मान देते हुए सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया, उनसे प्रेरित होकर डबल इंजन वाली सरकार खाद्य प्रसंस्करण और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों की आय बढ़ाने केलिए काम कर रही है। इस योजना केतहत उत्तर प्रदेश के किसानों को लगभग 95000 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास को सर्वोपरि बताते हुए कहाकि दंगों और अपराध के दौर से निकलकर ब्रह्मोस, मोबाइल निर्माण और पर्यटन को मिली पहचान तक का सफर बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहाकि यूपी में कानून व्यवस्था में सुधार से अर्थव्यवस्था में जबरदस्त उछाल आया है और विनिर्माण क्षेत्र में तेजी आई है। प्रधानमंत्री ने संबोधन का समापन करते हुए कहाकि उत्तर प्रदेश एक विनिर्माण केंद्र के रूपमें विकसित हो रहा है, हालही में राज्य के पहले सेमीकंडक्टर कारखाने की नींव रखी गई है और एक विकसित भारत केलिए एक विकसित उत्तर प्रदेश आवश्यक है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]