स्वतंत्र आवाज़
word map

कोटा की कनेक्टिविटी क्षेत्र में बड़ी प्रगति-मोदी

राजस्थान के कोटा हवाई अड्डे का समारोहपूर्वक शिलान्यास किया

कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ केलिए विकास की नई उम्मीदें!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 March 2026 05:43:33 PM

pm narendra modi

कोटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉंफ्रेंस से राजस्थान के कोटा हवाई अड्डे का समारोहपूर्वक शिलान्यास किया, जो हाड़ौती क्षेत्र केलिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहाकि कोटा हवाई अड्डा आर्थिक एवं औद्योगिक विकास केलिए उत्प्रेरक का काम करेगा। प्रधानमंत्री ने अपनी हालिया अजमेर यात्रा का जिक्र किया, जहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और 21000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। उन्होंने कहाकि लगातार एक सप्ताह के भीतर ये विकास कार्यक्रम राजस्थान के कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ केलिए नई उम्मीदें हैं, लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक हवाईअड्डे का निर्माण कार्य शुरू हो ही चुका है। प्रधानमंत्री ने नवंबर 2023 में अपनी राजस्थान यात्रा को याद करके कहाकि हवाई अड्डे का जनता से किया गया वादा अब पूरा हो रहा है, यह हवाई अड्डा जब शुरू हो जाएगा पूरे क्षेत्र में तेजीसे व्यापार पर्यटन बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोटा को शिक्षा और ऊर्जा दोनों का एक अनूठा केंद्र बताया, जो परमाणु, कोयला, गैस और जल स्रोतों से बिजली का उत्पादन करता है। नरेंद्र मोदी ने कोटा डोरिया साड़ियों, कोटा स्टोन और बूंदी के बासमती चावल जैसे स्थानीय कृषि उत्पादों की वैश्विक पहचान की प्रशंसा कीकि कोटा में नया हवाई अड्डा इन संभावनाओं को कई गुना बढ़ा देगा। क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं पर प्रधानमंत्री ने मथुराधीश और गराडिया महादेव के आध्यात्मिक महत्व, मुकुंदरा पहाड़ियों जैसे वन्यजीव केंद्रों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहाकि बेहतर हवाई संपर्क से इस क्षेत्रमें वैश्विक पर्यटक आएंगे और इसका सीधा लाभ यहां के युवाओं को रोज़गार के रूपमें मिलेगा और व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कोटा में व्यापक कनेक्टिविटी क्रांति पर भी प्रकाश डाला, जिसमें अमृत भारत योजना केतहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का प्रभाव शामिल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि देश का विमानन परिदृश्य बहुत उज्जवल है, आज देश में हवाई अड्डों की संख्या 2014 में 70 से बढ़कर आज 160 से अधिक हो गई है, दिल्ली केपास नए टर्मिनलों और हवाई अड्डों का विकेंद्रीकृत विकास इसका एक उदाहरण है। कृषि आधारित उद्योगों की ओर बढ़ते रुझान पर भी नरेंद्र मोदी ने कहाकि रेल और सड़क केबाद हवाई कनेक्टिविटी का नया अध्याय कोटा के विकास को और गति प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने स्थानीय नेतृत्व के प्रयासों को सराहा और कोटा सांसद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की क्षेत्र की प्रगति केप्रति दिलचस्पी की सराहना की। प्रधानमंत्री ने ओम बिरला को एक ऐसा शिक्षक कहा, जो अनुशासनहीन छात्रों का सामना करते समय भी बहुत संयमित रहते हैं और अपनी कक्षा को अच्छे से संभालते हैं। प्रधानमंत्री ने तीव्र प्रगति हासिल करने केलिए डबल इंजन सरकार के महत्व का जिक्र किया। उन्होंने एक समृद्ध और सशक्त राज्य की परिकल्पना प्रस्तुत करते हुए कहाकि विकसित राजस्थान की यह मजबूत नींव विकसित भारत के संकल्प को और अधिक बल प्रदान कर रही है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]