'दुनिया में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश के लिए भारत की प्रशंसा'
केरलम को 11000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 11 March 2026 06:04:11 PM
कोच्चि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरलम के विकास को गति देने केलिए आज जीवंत तटीय शहर कोच्चि का दौरा किया और कई प्रभावशाली परियोजनाओं का शुभारंभ किया। निवेश की व्यापकता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने करीब 11000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि कोच्चि आना हमेशा उनके लिए एक शानदार अनुभव होता है। प्रधानमंत्री ने कहाकि कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन यूनिट की आधारशिला रखने का उद्देश्य पेट्रोलियम क्षेत्रको मजबूत बनाना है, इससे प्रतिवर्ष चार लाख टन पॉलीप्रोपाइलीन का उत्पादन होने की उम्मीद है, जिससे पैकेजिंग, कपड़ा और चिकित्सा उपकरण उद्योगों को सहयोग मिलेगा। इस सुविधा के रणनीतिक महत्व के बारेमें नरेंद्र मोदी ने कहाकि आत्मनिर्भर भारत केलिए मेक इन इंडिया केलिए पेट्रोलियम सेक्टर का विस्तार बहुत आवश्यक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक विनिर्माण और प्रौद्योगिकी केंद्र के रूपमें मजबूत करने के उद्देश्य से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सेमीकंडक्टर के क्षेत्रमें देश की प्रगति को सतत ऊर्जा की बढ़ती मांग से जोड़ा। नरेंद्र मोदी ने कहाकि केरलम को सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्रमें प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पश्चिम कल्लाडा में 50 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहाकि केरलम में बड़ी संख्या में जलाशय मौजूद हैं, इसलिए राज्य में फ्लोटिंग सोलर पावर के क्षेत्रमें अपार संभावनाएं हैं। हरित भविष्य की ओर बढ़ते कदम के बारेमें उन्होंने कहाकि हमारा प्रयास हैकि केरलम सौर ऊर्जा उत्पादन में और आगे बढ़े। प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना और रेलवे विद्युतीकरण के जरिए क्षेत्रीय संपर्क में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का भी विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने कहाकि शोरानूर जंक्शन, कुट्टीपुरम और चांगनास्सेरी में आधुनिकीकरण के प्रयासों केसाथ-साथ नई पलक्कड़-पोल्लाची ट्रेन सेवा से केरलम और तमिलनाडु दोनों राज्यों के निवासियों के यात्रा अनुभव में बड़ा बदलाव आने वाला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय विकास पर केंद्रीय बजट के पड़ने वाले प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहाकि आज दुनिया आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे निवेश केलिए भारत की प्रशंसा करती है। सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर पर प्रधानमंत्री ने प्रकाश डालाकि कोझिकोड बाईपास और अझिक्कल बंदरगाह से बेहतर कनेक्टिविटी सहित नई छह लेन परियोजनाएं यात्रा में लगने वाले समय और भीड़भाड़ को काफी हदतक कम कर देंगी। नरेंद्र मोदी ने कहाकि इन परियोजनाओं से केरलम के किसानों को लाभ होगा और यहां पर्यटन एवं अन्य उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने दोहराते हुए कहाकि इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश किया गया प्रत्येक रुपया युवाओं केलिए व्यापक रोज़गार सृजन में उत्प्रेरक का काम करता है। उन्होंने दृढ़ विश्वास व्यक्त कियाकि ये बहुक्षेत्रीय परियोजनाएं राज्य के समृद्ध भविष्य केलिए आवश्यक हैं। केरलम की प्रगति केप्रति अपने संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहाकि उन्हें पूर्ण विश्वास हैकि ये परियोजनाएं 'विकसित केरलम' के हमारे संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।