संस्कृति मंत्रालय ने शुरू की वीएम फ्रेम्स राष्ट्रीय फिल्म निर्माण प्रतियोगिता
वंदे मातरम देश के स्वतंत्रता आंदोलन और सांस्कृतिक पहचान का गौरवस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 23 April 2026 02:03:55 PM
नई दिल्ली। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और सांस्कृतिक पहचान को परिभाषित करने वाले राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' का 150वां वर्ष मना रहा है। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने राष्ट्रीय उत्साह की भावना से ओत-प्रोत 'वंदे मातरम' के राष्ट्रव्यापी समारोह के हिस्से के रूपमें ‘वीएम फ्रेम्स’ एक राष्ट्रीय फिल्म निर्माण प्रतियोगिता शुरू की है। इसका उद्देश्य राष्ट्र की साझा विरासत केप्रति गौरव को फिरसे जगाना और उन आदर्शों केसाथ नए जुड़ाव केलिए प्रेरित करना है, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता को आकार दिया और जो इसके भविष्य को परिभाषित करते रहेंगे। फिल्म निर्माण प्रतियोगिता के जरिए नागरिकों को दृश्य कथा प्रस्तुतीकरण के ज़रिए राष्ट्रगीत की भावना की रचनात्मक व्याख्या करने केलिए आमंत्रित किया गया है। वंदे मातरम का 150वां वर्ष संस्कृति मंत्रालय की अगुवाई में राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, विभिन्न मंत्रालयों, विदेशों में भारतीय मिशनों और दुनियाभर के नागरिकों के सहयोग से पूरे एकवर्ष तक चलने वाले समारोह के रूपमें मनाया जा रहा है।
गौरतलब हैकि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का रचित 'वंदे मातरम' भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चेतना में एक विशिष्ट स्थान रखता है। मातृभूमि को 'दिव्य नारी शक्ति' के रूपमें प्रस्तुत करने वाले इस गीत के संदेश ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और आजभी यह राष्ट्र की भावना केसाथ गहराई से जुड़ा हुआ है। वीएम फ्रेम्स का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं, रचनाकारों और नागरिकों को आधुनिक प्रारूपों से वंदे मातरम की विरासत को फिरसे परिकल्पित करने केलिए जोड़ना है। यह प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में होगी, जैसे-रील्स एआई आधारित फिल्में, लघु फिल्में, प्रतिभागियों को देशभक्ति, सांस्कृतिक पहचान, एकता और प्रगतिशील नए भारत की परिकल्पना जैसे विषयों को दर्शाने केलिए प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतियोगिता में 50 लाख रुपये तकके पुरस्कार दिए जाएंगे। रील्स श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 150000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 100000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 50000 रुपये का है।
एआई फ़िल्म श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 500000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 300000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150000 रुपये का है। लघु फ़िल्म श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 1500000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1200000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1000000 रुपये का है। प्रतियोगिता केलिए प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 7 मई 2026 है। वीएम फ्रेम्स के माध्यम से संस्कृति मंत्रालय नागरिकों विशेष रूपसे युवा रचनाकारों को इस राष्ट्रीय श्रद्धांजलि में भाग लेने और एक सामूहिक सांस्कृतिक अभिव्यक्ति में योगदान देने केलिए आमंत्रित करता है, जो भारत की ऐतिहासिक विरासत को इसकी समकालीन रचनात्मक आवाज़ केसाथ जोड़ता है। वेबसाइट vande mataram150.in पर इस संबंध में अधिक उपलब्ध है।