स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-कनाडा संबंधों में नई गति नया आत्मविश्वास!

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की ऐतिहासिक कनाडा यात्रा

कनाडा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 26 May 2026 04:28:21 PM

new momentum, new confidence in the india-canada partnership!

ओटावा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भारत-कनाडा आर्थिक संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के एक ऐतिहासिक कदम के तौरपर कनाडा में 100 से अधिक कंपनियों के उद्योगपतियों सहित अब तकके सबसे बड़े भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी ओटावा और टोरंटो में तीन दिवसीय कनाडा यात्रा का उद्देश्य भारत और कनाडा के द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक संबंधों में भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते केलिए जारी वार्ताओं में तेजी लाना है। ओटावा में अपने पहले दिन पीयूष गोयल ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, कृषि और रणनीतिक क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को परिपुष्‍ट करने केलिए कनाडा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों केसाथ उच्चस्तरीय बैठकें कीं।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से भेंटवार्ता में पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्‍हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की हालकी भारत यात्रा का स्‍मरण किया, जिससे भारत-कनाडा साझेदारी को नई गति और नया आत्मविश्वास मिला। दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने केलिए दूरदर्शी चर्चा करते हुए भारत-कनाडा सीईपीए के शीघ्र संपन्न होने की आशा व्यक्त की। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहाकि भारत केसाथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता एक क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगा और एक व्‍यापक नए बाज़ार के द्वार खोलेगा। दोनों पक्षों ने संतुलित, व्यावसायिक रूपसे सार्थक और महत्वाकांक्षी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते केप्रति प्रतिबद्धता दोहराई। पीयूष गोयल ने भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता केलिए कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू केसाथ द्विपक्षीय चर्चा भी की। दोनों मंत्रियों ने अबतक संपन्न वार्ताओं के परिणामों की समीक्षा करते हुए व्यापार एवं निवेश प्रवाह को बढ़ाने के भविष्य के अवसरों की पहचान की। दोनों ने 2026 के अंततक एक संतुलित और पारस्परिक रूपसे लाभकारी समझौते को पूरा करने के अपने संकल्प की पुष्टि की।
भारत-कनाडा केबीच प्रस्तावित सीईपीए से आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने और दोनों देशों के व्यवसायों और नागरिकों को लाभ पहुंचाने की आशा व्यक्त की गई। पीयूष गोयल की कनाडा के कृषि एवं खाद्य मंत्री हीथ मैकडोनाल्ड केसाथ बैठक में खाद्य सुरक्षा, सतत विकास और कृषि प्रौद्योगिकी पर विशेष ध्यान देते हुए कृषि क्षेत्रमें द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रमें सहयोग अवसरों पर विचार विमर्श किया और कहा गयाकि ऐसा सहयोग भारतीय किसानों और उत्पादकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा एवं दोनों देशों केबीच कृषि एकीकरण को बढ़ावा देगा। पीयूष गोयल ने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से वार्ता की और भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी केलिए व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी संबंधों पर बल दिया। उन्होंने भारत के बढ़ते बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, रसद, डिजिटल बुनियादी ढांचे और उपभोक्ता क्षेत्रों को व्यापक सहयोग और दीर्घकालिक कनाडा निवेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। दोनों पक्षों ने आर्थिक और रणनीतिक आयामों में द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
पीयूष गोयल ने इस अवसर पर कहाकि भारत की विकास यात्रा लोगों की आकांक्षाओं, सशक्त उद्यमशीलता की भावना, विशाल और कुशल प्रतिभा भंडार और बढ़ते बाजार अवसरों से प्रेरित है। उन्होंने दोनों देशों केबीच आर्थिक, सांस्कृतिक और जन-संबंधों को मजबूत करने में भारतीय प्रवासियों के महत्वपूर्ण योगदान पर भी बल दिया। पीयूष गोयल ने टोरंटो में उद्योग गोलमेज सम्मेलनों और बी2बी सहभागिता कार्यक्रम से प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जिसका उद्देश्य मंत्रीस्तरीय प्रतिबद्धता को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ठोस वाणिज्यिक साझेदारी में बदलना है। भारत-कनाडा केबीच वर्तमान में द्विपक्षीय व्यापार लगभग 8.5 अरब अमरीकी डॉलर का है और दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 50 अरब अमरीकी डॉलर करने का एक महत्वाकांक्षी साझा लक्ष्य भी निर्धारित किया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]