स्वतंत्र आवाज़
word map

श्रीअमरनाथ की यात्रा 3 जुलाई से शुरू

गृहमंत्री ने पुख़्ता सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के निर्देश दिए

दिल्ली में श्रीअमरनाथ यात्रा की सुरक्षा समीक्षा बैठक

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 12 June 2026 05:43:55 PM

security review meeting for the shri amarnath yatra in delhi

नई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में श्रीअमरनाथ यात्रा-2026 की पुख़्ता सुरक्षा और सुगम यात्रा तैयारियों की समीक्षा की। इसवर्ष श्रीअमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी। गृहमंत्री ने आश्वस्त किया और कहाकि नरेंद्र मोदी सरकार श्रीअमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं की पुख्ता सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने केलिए पूरी तरह कटिबद्ध है। समीक्षा बैठक में जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केंद्रीय गृह सचिव, थलसेना प्रमुख, आसूचना ब्यूरो के निदेशक, जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, गृह मंत्रालय, भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर के प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
गृहमंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को निर्देश दियाकि सभी सुरक्षा एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यात्रा केलिए एकीकृत एवं अभेद्य सुरक्षा कवच तैयार करें। उन्होंने कहाकि सुरक्षा व्यवस्था में ड्रोन, सीसीटीवी निगरानी, सर्विलांस सिस्टम, आधुनिक तकनीकों के व्यापक उपयोग केसाथ पारंपरिक सुरक्षा तंत्र को और सुदृढ़ करें, साथही यात्रा मार्ग पर जम्मू कश्मीर पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल एवं दूसरी सुरक्षा एजेंसियों की भी बहुस्तरित सुरक्षा ग्रिड स्थापित करें। अमित शाह ने कहाकि यात्रा के दौरान विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और जम्मू कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शिविर स्थलों पर निरंतर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। उन्होंने कहाकि श्रद्धालुओं के पंजीकरण, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आपदा प्रबंधन सहित आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए।
गृहमंत्री ने कहाकि मौसम की स्थिति एवं पूर्वानुमान के अनुरूप ही श्रद्धालुओं के जत्थों के आगे बढ़ाने की व्यवस्था की जाए, साथही यात्रामार्ग के अतिरिक्त दूसरे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूपसे पर्यटन का आनंद ले सकें। समीक्षा बैठक में गृहमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि यात्रा से जुड़े स्थानीय लोगों एवं पशुओं के पंजीकरण की व्यवस्था केसाथ उनके लिए QR कोडयुक्त पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, इसके अलावा पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यात्रा पंजीकरण और यात्रियों की सहायता के बारेमें श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट https://jksasb.nic.in/ पर अधिक जानकारी हासिल की जा सकती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]