स्वतंत्र आवाज़
word map

रेलवे भर्ती बोर्ड प्रक्रियाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता दक्षता व उन्नत प्रौद्योगिकी पर विशेष ध्यान

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का रेलवे अधिकारियों के साथ वृहद विमर्श

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 13 June 2026 03:48:29 PM

ashwini vaishnaw (file photo)

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे देशभर में रोज़गार सृजन की निरंतरता और समयबद्ध भर्ती पहलों से अपना कार्यबल सुदृढ़ करने केलिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और उन्नत प्रौद्योगिकी के उपयोग पर विशेष ध्यान देते हुए रेलेवे का लक्ष्य विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभाशाली व्यक्तियों को आकर्षित करना और उन्हें अपने साथ जोड़ना है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों केसाथ रेलवे भर्ती बोर्ड की भर्ती प्रक्रिया की उच्चस्तरीय समीक्षा के दौरान ये बातें कहीं। रेलमंत्री ने अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रौद्योगिकी आधारित प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहाकि वार्षिक भर्ती कैलेंडर और रिक्तियों की त्रैमासिक अधिसूचनाओं को उम्मीदवारों ने काफी पसंद किया है। उन्होंने कहाकि कैलेंडर आधारित भर्ती प्रणाली से उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की योजना अधिक प्रभावी ढंग से बनाने में मदद मिली है, इससे भर्ती प्रक्रिया में अधिक स्पष्टता और निश्चितता आती है।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने निरंतर सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहाकि रेलवे भर्ती प्रणाली को प्रौद्योगिकी, त्वरित प्रक्रियाओं और अधिक जवाबदेही से लगातार बेहतर बना रहे हैं। अश्विनी वैष्णव ने विभागीय परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित परीक्षा मोड में बदलने की दिशामें हुई प्रगति की समीक्षा की और कहाकि जहांभी संभव हो अधिक से अधिक टैबलेट आधारित परीक्षाएं शुरू की जानी चाहिएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया तेज, अधिक कुशल और उपयोगकर्ता अनुकूल हो सके। परीक्षाओं में बहुभाषी सहायता पर भी जोर दिया गया, क्योंकि परीक्षाएं पहले से ही अलग-अलग शहरों और कई शिफ्टों में कई भाषाओं में कराई जा रही हैं, जिससे देशभर में विविध भाषाई पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों केलिए व्यापक पहुंच सुनिश्चित होती है और भाषा की रूकावट के बिना भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्ष और समान भागीदारी सुगम होती है। रेलमंत्री ने रेलवे भर्ती बोर्डों को उम्मीदवारों और संबंधित लोगों केसाथ बेहतर संवाद करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहाकि गलत सूचनाओं का तुरंत सही जानकारी से खंडन किया जाना चाहिए, ताकि उम्मीदवारों को सटीक जानकारी मिलती रहे और भर्ती प्रक्रिया पर उनका भरोसा बना रहे। रेलमंत्री ने कहाकि भारतीय रेलवे प्रौद्योगिकी, व्यवस्थित योजना और निरंतर सुधारों पर आधारित निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया केलिए प्रतिबद्ध है।
समीक्षा बैठक में जानकारी दी गईकि भारतीय रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में छह प्रमुख कैटेगरी में 47084 रिक्तियों केलिए भर्ती प्रक्रिया पूरी करते हुए 43781 उम्मीदवारों को भर्ती किया है, जो इसकी भर्ती प्रक्रिया में तेज़ी को दर्शाता है। इनमें सहायक लोको पायलट केलिए 18799 रिक्तियां, तकनीशियनों केलिए 14298, उपनिरीक्षकों केलिए 452, कांस्टेबलों केलिए 4208, जूनियर इंजीनियर (जेई)/ डीएमएस/ सीएमए केलिए 7951 और पैरामेडिकल श्रेणियों केलिए 1376 रिक्तियां हैं। रेलवे भर्ती में गैर टाइपिंग श्रेणियों केलिए डीवी शुरू हो चुका है, टाइपिंग श्रेणियों के परिणाम शीघ्रही आने की उम्मीद है। गैर शिक्षण श्रेणियों केलिए मूल्यांकन शुरू हो चुका है और शिक्षण श्रेणियों के परिणाम शीघ्र आने वाले हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड की भर्ती प्रक्रिया जटिल और व्यापक होती है, इनमें देशभर के कई शहरों और केंद्रों में परीक्षाएं होती हैं। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को देखते हुए ये कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं कई चरणों में आयोजित की जाती हैं और विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमियों के उम्मीदवारों की सुविधा केलिए ये 15 भाषाओं में कराई जाती हैं। बहुशहर, बहुचरण और बहुभाषी ढांचे के व्यापक समन्वय और सुदृढ़ तकनीकी प्रणालियों की आवश्यकता होती है, ताकि पूरी भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता, मानकीकरण और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]