देश के विवेक अग्रवाल को एफएटीएफ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया
मनी लॉन्ड्रिंग व टेरर फंडिंग रोकने का तंत्र और मजबूत करेंगे-विवेकस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 20 June 2026 11:58:11 AM
नई दिल्ली। भारत के नेतृत्व में मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवादी वित्तपोषण के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को अब और ज्यादा मजबूत करने के क्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा (मध्यप्रदेश कैडर) के 1994 बैच के अधिकारी और वर्तमान में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय में सचिव विवेक अग्रवाल को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) का वाइस प्रेसिडेंट चुना और नियुक्त किया गया है। यह पहलीबार है जब भारत एफएटीएफ का वाइस प्रेसिडेंट बनेगा। इस नियुक्ति से एक भारतीय अधिकारी मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फाइनेंसिंग को रोकने वाले वैश्विक मानक तय करने वाले संगठन के शीर्ष पद पर पहुंच गया है। गौरतलब हैकि एफएटीएफ के वाइस प्रेसिडेंट को एफएटीएफ प्लेनरी अपने सदस्यों में से चुनती है और वे संगठन के कामकाज को आगे बढ़ाने में प्रेसिडेंट की मदद करते हैं।
एफएटीएफ में भारत का वाइस प्रेसिडेंट बनना उस विश्वसनीयता और भरोसे को दिखाता है, जो देश ने 200 से ज्यादा अधिकार क्षेत्रों वाले एफएटीएफ वैश्विक नेटवर्क में हासिल किया है। यह भारत के हालिया 'म्यूचुअल इवैल्यूएशन' में शानदार प्रदर्शन और उभरते जोखिमों जैसे-वर्चुअल एसेट सर्विस प्रोवाइडर और डिजिटल पेमेंट से जुड़े जोखिम पर वैश्विक नीति बनाने में देश के लगातार योगदान का नतीजा है। आशा व्यक्त की गई हैकि विवेक अग्रवाल एफएटीएफ फोरम में भारत के नेतृत्व को और मजबूत करने का उल्लेखनीय कार्य करेंगे। अपनी नियुक्ति पर विवेक अग्रवाल ने कहा हैकि यह नियुक्ति भारत की सामूहिक कोशिशों और मनी लॉन्ड्रिंग व टेरर फंडिंग को रोकने वाले देश के मजबूत सिस्टम की पहचान है। उन्होंने कहाकि एफएटीएफ में सेवा का मौका मिलना उनके लिए बहुत सम्मान की बात है और वे अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली को सुरक्षित, समावेशी और मजबूत बनाए रखने केलिए एफएटीएफ वैश्विक नेटवर्क केसाथ काम करने केलिए उत्साहित हैं।
राजस्व सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने कहाकि यह एक गर्व का पल है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली की विश्वसनीयता को मजबूत करने केप्रति भारत की लगातार प्रतिबद्धता को दोहराया। ज्ञातव्य हैकि फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) पेरिस में एक अंतर सरकारी संस्था है। यह मनी लॉन्ड्रिंग, टेररिस्ट फाइनेंसिंग और प्रसार केलिए फ़ंडिंग को रोकने केलिए वैश्विक मानक तय करती है। फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स की प्रेसिडेंसी का कार्यकाल दो साल का होता है और वाइस प्रेसिडेंट संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने में प्रेसिडेंट की मदद करते हैं।