प्रधानमंत्री ने ओडिशा को दी विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात
द्रौपदी मुर्मू की जनसेवा, समर्पण, विनम्रता और राष्ट्र प्रेम की खूब प्रशंसास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 20 June 2026 06:44:32 PM
मयूरभंज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केसाथ अपनी कर्मभूमि मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव का दौरा किया। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने संथाली जहेरा और हो जहेरा के पवित्र उपवनों, कौशल केंद्र और पहाड़पुर स्कूल में पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने रायरांगपुर में ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का विषय ‘विकास र धारा, ओडिशा सारा’ था। नरेंद्र मोदी ने यहां 47600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने कहाकि राज्य में इस समय उत्सव का माहौल है, हालही में राज पर्व संपन्न हुआ है और भगवान जगन्नाथ की पवित्र रथ यात्रा की तैयारियां चल रही हैं, जिनमें मयूरभंज की प्रसिद्ध बारीपदा रथ यात्रा भी शामिल है। राज्य में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर ओडिशा की जनता को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि डबल इंजन सरकार राज्य के विकास की गति को तेज कर रही है और कल्याणकारी योजनाओं, निवेश, औद्योगिक विकास, रोज़गार के अवसरों से आम नागरिकों के जीवन को बदल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के जनक पंडित रघुनाथ मुर्मू, डॉ दमयंती बेसरा और चरण हेम्ब्रम जैसी अनेक ओडिशा की प्रख्यात हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने संथाली भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने और संरक्षित करने केलिए भारत सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला, जिसमें संथाली में भारत के संविधान का प्रस्तुतीकरण भी शामिल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने मयूरभंज की धरती से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक उनकी यात्रा को ओडिशा और देश केलिए अपार गर्व का विषय बताया। उन्होंने जनसेवा केप्रति उनके समर्पण, विनम्रता और राष्ट्र निर्माण केप्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। राष्ट्रपति केसाथ पहाड़पुर की अपनी यात्रा को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने उनके मार्गदर्शन में स्थापित शिक्षण संस्थानों में छात्रों केसाथ हुई बातचीत का जिक्र किया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की प्रेरणादायक उपस्थिति बच्चों विशेष रूपसे आदिवासी, वंचित और हाशिए पर रहनेवाले समुदायों के बच्चों में आत्मविश्वास और महत्वाकांक्षा का संचार कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि ओडिशा पूर्वी भारत में विकास और समृद्धि के प्रवेश द्वार के रूपमें उभर रहा है और भारत के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहाकि पहाड़पुर गांव को सौर ऊर्जा गांव के रूपमें विकसित किया जाएगा, इससे हरघर में सौर ऊर्जा उत्पादन सुनिश्चित होगा। ओडिशा के प्रतिष्ठित कोणार्क सूर्य मंदिर से तुलना करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि पहाड़पुर देश केलिए एक आदर्श सौर ऊर्जा संचालित गांव के रूपमें उभरेगा। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी के नेतृत्व में ओडिशा सरकार की उपलब्धियों पर प्रधानमंत्री ने कहाकि राज्य सभी क्षेत्रोंमें तेजीसे प्रगति कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार के ‘भारत के विकास केलिए पूर्वी भारत का विकास’ के दृष्टिकोण को दोहराया और कहाकि पूर्वोदय नीति पूर्वी राज्यों की अपार क्षमता को उजागर कर रही है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि केंद्र और राज्य सरकारें रेलवे अवसंरचना, राजमार्गों, आर्थिक गलियारों, बंदरगाहों, ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा और आधुनिक उद्योगों में रिकॉर्ड निवेश से इन शक्तियों का पूर्ण उपयोग करने केलिए काम कर रही हैं। नरेंद्र मोदी ने कहाकि लगभग 47000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से ओडिशा के लोगों केलिए संपर्क, सार्वजनिक सेवाएं, आर्थिक अवसर और जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
प्रधानमंत्री ने कहाकि सरकार ओडिशा के प्रचुर संसाधनों को विकास और समृद्धि के अवसरों में परिवर्तित कर रही है। उन्होंने उत्कर्ष ओडिशा जैसी पहलों का उल्लेख किया, जिनका उद्देश्य बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करना और राज्यभर में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि इसके तहत ओडिशा को पहले ही लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कई मेगा परियोजनाएं वर्तमान में कार्यांवयन के अधीन हैं। उन्होंने कहाकि राज्य के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए उद्योग अनुकूल वातावरण बनाने केलिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने बतायाकि विद्युत क्षेत्रमें 6000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है, जबकि समृद्धनगर योजना के जरिए शहरी विकास को गति दी जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि ये पहलें आनेवाले वर्ष में महत्वपूर्ण परिणाम देंगी। प्रधानमंत्री ने कहाकि शासन सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान केलिए एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भटकना नहीं पड़ेगा, परिणामस्वरूप युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम नागरिकों की आकांक्षाएं तेजी से पूरी हो रही हैं।
नरेंद्र मोदी ने ओडिशा सरकार की कई प्रमुख कल्याणकारी पहलों पर प्रकाश डाला, जिनमें किसानों केलिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद, सुभद्रा योजना केतहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को वित्तीय सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने केलिए आयुष्मान भारत का कार्यांवयन, माधो सिंह हाट खर्च योजना से आदिवासी छात्रों को सहायता और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए श्रीजगन्नाथ मंदिर के चारों द्वारों को फिरसे खोलना शामिल है। उन्होंने हालही में पूरे क्षेत्रमें चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की। आदिवासी कल्याण के विषय पर प्रधानमंत्री ने आदिवासी क्षेत्रों केसाथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आदिवासी समुदायों केबीच किए गए वर्षों के सेवा कार्यों को सराहा। उन्होंने कहाकि आदिवासी क्षेत्र ऐतिहासिक रूपसे बुनियादी सेवाओं और अवसंरचना से वंचित रहे हैं, इसलिए आदिवासी विकास उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहाकि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान केतहत स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आवास से संबंधित विभाग आदिवासी गांवों में जीवनस्तर में सुधार लाने केलिए समन्वय से काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहाकि पीएम जनमन मिशन राष्ट्रपति केसाथ हुई चर्चाओं के परिणामस्वरूप अस्तित्व में आया है और इसे विशेष रूपसे बेहद कमजोर आदिवासी समूहों केलिए बनाया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सकेकि सरकारी सेवाएं सबसे हाशिए पर स्थित आदिवासी समुदायों तक सीधे उनके दरवाजे पर पहुंचें। आदिवासी युवाओं केलिए शिक्षा और रोज़गार अवसरों पर जोर देते हुए उन्होंने कहाकि देशभर में लगभग 500 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 750 विद्यालयों को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहाकि प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक स्तरपर 15 लाख से अधिक आदिवासी छात्रों को करोड़ों रुपये की छात्रवृत्तियां प्राप्त हुई हैं। नरेंद्र मोदी ने कहाकि मयूरभंज जिले में एक अतिरिक्त जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारियों की ओर इशारा किया, जो दूरदराज के क्षेत्रोंमें चिंता का विषय बनी हुई हैं।
नरेंद्र मोदी ने कहाकि सरकार ने इसके खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया है, चार करोड़ से अधिक स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए हैं और लाखों आदिवासी लाभार्थियों को मुफ्त इलाज की सुविधा सुनिश्चित करने केलिए आयुष्मान कार्ड प्रदान किए हैं। प्रधानमंत्री कहाकि ओडिशा और भारत की आकांक्षाएं एक समान हैं और एक मजबूत ओडिशा एक मजबूत भारत निर्माण में सीधा योगदान देगा। नरेंद्र मोदी ने याद दिलायाकि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा और ओडिशा को ज्ञान व योग परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ बताया। उन्होंने भारत और दुनियाभर के लोगों से योग दिवस में बड़ी संख्या में भाग लेने और योग को जीवनशैली के रूपमें अपनाने की अपील की। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायरंगपुर में चिकित्सा शिविर, ग्रामीण नल जल आपूर्ति योजना, ब्रह्माकुमारी संस्था के मातृशक्ति भवन और रायरंगपुर जिले के विशेष सर्किट हाउस और पुलिस जिला रायरंगपुर का उद्घाटन किया।