स्वतंत्र आवाज़
word map

मीराबाई चानू का स्वागत और अभिनंदन!

युवा एथलीटों के लिए प्रेरणास्रोत-ज्योतिरादित्य सिंधिया

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 3 August 2026 03:58:49 PM

welcome and felicitation of mirabai chanu

नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली दिग्गज भारोत्तोलक मीराबाई चानू का स्वदेश वापसी पर जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। केंद्रीय संचार और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने आज नई दिल्ली में मीराबाई चानू से मुलाकातकर उनको बधाई दी और खूब प्रशंसा की। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीराबाई चानू के अटूट दृढ़ संकल्प, अनुशासन और लगन की प्रशंसा की एवं उनकी सफलता को देशभर के लाखों युवा एथलीटों विशेष रूपसे उत्तर पूर्वी क्षेत्र के एथलीटों केलिए प्रेरणास्रोत बताया। मीराबाई चानू ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपने प्रेरणादायक सफर और भारत की सबसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों में से एक बनने के रास्ते में आनेवाली चुनौतियों के बारेमें बताया।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीराबाई चानू से खेल के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की, जिनमें प्रशिक्षण दिनचर्या, पोषण, पुनर्प्राप्ति चक्र और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन प्राप्त करने के लिए पर्याप्त आराम और नींद का महत्व शामिल है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीराबाई चानू के कोच, प्रशिक्षक और फिजियोथेरेपिस्ट के अमूल्य योगदान की भी सराहना की और स्वीकार कियाकि विश्वस्तरीय खेल सफलता वैज्ञानिक प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से समर्थित एक मजबूत सहायता प्रणाली पर आधारित होती है। उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय के खेल प्रतिभाओं को पोषित करने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उच्चस्तरीय कार्यबल की स्थापना से क्षेत्रमें एक व्यापक खेल पारिस्थितिकी तंत्र के विकास पर चर्चा की। इस कार्य बल से उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय 'एक राज्य, एक खेल' पहल पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिसके तहत प्रत्येक उत्तर पूर्वी राज्य को उन खेलों में उत्कृष्टता विकसित करने केलिए सहायता प्रदान की जा रही है, जिनमें उसे स्वाभाविक प्रतिस्पर्धात्मक लाभ प्राप्त है, जिसमें भारोत्तोलन, तीरंदाजी और फुटबॉल जैसे खेल शामिल हैं।
उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहाकि यह पहल केवल भौतिक ढांचा तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, पोषण, पुनर्प्राप्ति और खिलाड़ी सहायता पर केंद्रित विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण केबारे में है। उन्होंने कहाकि महत्वाकांक्षी खिलाड़ियों को क्षेत्र के भीतर ही उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने से कई और युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी और पूर्वोत्तर मीराबाई चानू जैसी कई और चैंपियन पैदा कर सकेगा। मीराबाई चानू के प्रशिक्षक विजय शर्मा ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाड़ियों की क्षमता को उजागर किया और स्वीकार कियाकि ये पहल जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को भी पोषित करने में सहायक होंगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]