पवन हंस लिमिटेड व नॉर्वे के नोएमी एयरोस्पेस में एमओयू साइन
सी-प्लेन का संचालन ही नहीं निर्माण भी करना है-उड्डयन मंत्रीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 6 August 2026 02:07:35 PM
नई दिल्ली। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन उपक्रम पवन हंस लिमिटेड (पीएचएल) ने नॉर्वे के नोएमी एयरोस्पेस (एलफ्लाई एएस) केसाथ विद्युत चालित सी-प्लेन समाधानों सहित अगली पीढ़ी की सतत विमानन प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रमें सहयोग अवसरों का पता लगाने केलिए एक गैर-बाध्यकारी एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौता ज्ञापन पर नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा की उपस्थिति में पवन हंस लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुनील कुमार नागदौने और नॉर्वे के नोएमी एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एरिक फ्रांस्वा लिथुन ने हस्ताक्षर किए।
भारत-नॉर्वे में प्रस्तावित सहयोग का उद्देश्य विद्युत चालित सी-प्लेन प्रौद्योगिकियों, कौशल विकास और क्षमता निर्माण, तकनीकी ज्ञान के आदान प्रदान एवं कार्यशालाओं तथा व्यवहार्यता अध्ययनों जैसे क्षेत्रोंमें संभावित सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने की एक रूपरेखा स्थापित करना है। यह पहल भारत सरकार के क्षेत्रीय संपर्क, हरित विमानन, नवाचार आधारित विकास, द्वीप संपर्क तथा उभरती विमानन प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के विजन के अनुरूप है। इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहाकि यह सहयोग नागरिक उड्डयन क्षेत्रमें स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करने और उभरती प्रौद्योगिकियों की संभावनाओं का पता लगाने की हमारी व्यापक सोच को दर्शाता है। राममोहन नायडू ने कहाकि हमारा विजन केवल भारत में सी-प्लेन संचालित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ विजन के अनुरूप उनका निर्माण भी भारत में करना है।
नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहाकि केंद्रीय बजट 2026 में सी-प्लेन को बढ़ावा देने केलिए सरकार की सोच को स्पष्ट रूपसे सामने रखा गया है। उन्होंने कहाकि इसमें सी-प्लेन के स्वदेशी विनिर्माण को प्रोत्साहित करने केलिए प्रोत्साहन देने का प्रस्ताव है। परिचालन को समर्थन देने केलिए एक सी-प्लेन वायबिलिटी गैप फंडिंग योजना भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहाकि यदि हम वैश्विक प्रौद्योगिकी साझेदारियों को भारत की विनिर्माण क्षमता केसाथ जोड़ें तो हम सी-प्लेन की स्थानीय और क्षेत्रीय मांग को पूरा कर सकते हैं। उड्डयन मंत्री ने कहाकि बीते दो वर्ष में भारत सरकार ने देश में सी-प्लेन को बढ़ावा देने केलिए कई ठोस कदम उठाए हैं, सी-प्लेन परिचालन केलिए समर्पित दिशा-निर्देश जारी किए, नियामकीय ढांचे को सरल बनाया और हितधारकों को प्रोत्साहित करने केलिए देशभर में एक प्रदर्शन उड़ान भी संचालित की है।
नॉर्वे के बर्गेन मुख्यालय वाली नोएमी एयरोस्पेस अगली पीढ़ी की विद्युत चालित सी-प्लेन प्रौद्योगिकी के विकास में कार्यरत है और इसके विकास कार्यक्रम को नॉर्वे सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त है। यह समझौता खोजपरक प्रकृति का है और इसमें किसी प्रकार की वित्तीय प्रतिबद्धता, खरीद संबंधी प्रतिबद्धता, निवेश दायित्व या विशेष व्यवस्था शामिल नहीं है। इन चर्चाओं से भविष्य में होने वाला कोईभी सहयोग अलग से किए जाने वाले औपचारिक समझौतों तथा लागू कानूनों और भारत सरकार की प्रक्रियाओं के अनुरूप सक्षम प्राधिकारियों की आवश्यक स्वीकृतियों के अधीन होगा। यह पहल पवन हंस लिमिटेड की नवाचार, परिचालन उत्कृष्टता व रणनीतिक अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों से भारत के विकसित हो रहे विमानन पारिस्थितिकी तंत्र को समर्थन देने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।