इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भारत जीआई कॉफी लाउंज बना आकर्षक
भारत जीआई को राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा ब्रांड के तौरपर पेश किया गया हैस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 20 February 2026 12:41:32 PM
नई दिल्ली। गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के भारत जीआई कॉफी लाउंज का दौरा किया। मालाबार अरेबिका का स्वाद लेते हुए सुंदर पिचाई ने बरिस्ता से बातचीत की और भारत की प्रीमियम जीआई टैग्ड कॉफी के रिच फ्लेवर का अनुभव किया। फिनलैंड, फ्रांस, जापान, नाइजीरिया, बोत्सवाना, लिथुआनिया, कजाकिस्तान, पोलैंड, जर्मनी एवं कई और देशों के प्रतिनिधियों ने भी कॉफी एक्सपीरियंस सेंटर का दौरा किया। उन्होंने भारत की जीआई कॉफी विरासत में गहरी रुचि व्यक्त की। फिनलैंड के प्रतिनिधि ने विशेष रूपसे मानसून मालाबार अरेबिका के मधुर, स्मूद स्वाद की सराहना की। उन्होंने अद्वितीय व विशिष्ट प्रसंस्करण परंपरा की प्रशंसा की, जो इसे वैश्विक मंच पर विशेष स्थान प्रदान करती है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर इस पल को पोस्ट किया हैकि दुनिया इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भारत जीआई कॉफी का लुत्फ उठा रही है। वाणिज्य और उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने भी भारत जीआई कॉफ़ी एक्सपीरियंस सेंटर हॉल 14 प्रथम तल का दौरा किया और भारत की जीआई रजिस्टर्ड कॉफ़ी की रिचनेस का उत्सव मनाया। उन्होंने बतायाकि कैसे ज्योग्राफिकल इंडिकेशन ऑथेंटिसिटी को बनाए रखते हैं, स्थानीय समुदाय को मज़बूत बनाते हैं, और भारत के अलग-अलग तरह के कॉफ़ी ओरिजिन को ग्लोबल पहचान दिलाते हैं। एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भारत जीआई कॉफ़ी भारत के विशेष ज्योग्राफिकल इंडिकेशन उत्पादों की खूबी का उत्सव मनाने वाले विशेष शोकेस के ज़रिए दुनियाभर का ध्यान खींच रही है। एआई इवेंट ने ‘भारत जीआई’ नाम की नई राष्ट्रीय पहल के हिस्से के तौरपर दुनियाभर का ध्यान खींचा है।
उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग ने भारत जीआई को समेकित राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा ब्रांड के तौरपर पेश किया है। इसका उद्देश्य ए वर्ल्ड एक्सक्लूसिव टैगलाइन केसाथ भारत के विशेष जीआई उत्पादों को दुनियाभर में दिखाना है। डीपीआईआईटी कॉफ़ी बोर्ड केसाथ मिलकर इस ऐतिहासिक आयोजन में आगंतुकों को देश के समृद्ध, अलग-अलग फ्लेवर और भारतीय कॉफ़ी की विरासत का शानदार अनुभव दे रहा है। हॉल नंबर 14 फर्स्ट फ्लोर पर बने कॉफ़ी एक्सपीरियंस सेंटर ने कई जिज्ञासु लोगों को अलग-अलग भारतीय जीआई रजिस्टर्ड कॉफ़ी को एक्सप्लोर करने और अनुभव करने केलिए आकर्षित किया। कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि टिकाऊ तरीके से छाया में उगाई गई, हाथ से चुनी गई और प्राकृतिक धूप में सुखाई गई भारत जीआई कॉफ़ी का स्वाद लेने आए हैं।