दिल्ली में भारत-न्यूजीलैंड शताब्दी खेल सहयोग कार्यक्रम
वर्ष 1926 में शुरू हुए दोनों देशों के बीच खेल आयोजनस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 10 March 2026 12:51:02 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया की न्यूजीलैंड के खेल प्रतिनिधिमंडल केसाथ नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक में खेलों में द्विपक्षीय सहयोग का विस्तार करने और दोनों देशों के खेल पारिस्थितिकी तंत्र केबीच सहयोग को मजबूत करने पर गहन विमर्श हुआ। गौरतलब हैकि भारत और न्यूजीलैंड केबीच वर्ष 2026 में खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं, इसकी शुरुआत 1926 में हुई थी, जब भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था, जो दोनों देशों केबीच शुरुआती प्रमुख खेल आयोजनों में से एक था। खेल विरासत को और ज्यादा समृद्ध करते हुए दोनों देशों ने सहयोग को गहरा करने और खेल कूटनीति को मजबूत करने वाली नई पहलों की खोज की।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में खेल सचिव हरिरंजन राव, युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, भारतीय ओलंपिक संघ के वरिष्ठ अधिकारी और राष्ट्रीय खेल संघों के प्रतिनिधि थे। हरिरंजन राव ने द्विपक्षीय खेल सहयोग बढ़ाने केलिए न्यूजीलैंड के अधिकारियों केसाथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक का नेतृत्व किया। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने सहयोग की प्राथमिकता वाले खेलों की पहचान की, इनमें रग्बी, रोइंग, कैनोइंग, सेलिंग, एथलेटिक्स और साइकिलिंग प्रमुख हैं। न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व खेल और मनोरंजन मंत्री क्रिस बिशप ने किया। इसमें भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक जॉन राटा, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर रॉस टेलर, स्पोर्ट न्यूजीलैंड की सीईओ राएलिन कैसल और हॉकी न्यूजीलैंड, एथलेटिक्स न्यूजीलैंड और पैरालंपिक्स न्यूजीलैंड के प्रतिनिधि थे। चर्चा का केंद्र ‘भारत-न्यूजीलैंड शताब्दी खेल सहयोग कार्यक्रम 2026’ था, जो खेल संबंधों की शताब्दी मनाने और खेल विकास, उच्चप्रदर्शन प्रशिक्षण, नवाचार और लोगों केबीच आपसी जुड़ाव केलिए तैयार की गई सालभर चलने वाली पहल है।
भारत-न्यूजीलैंड ने खेल और सांस्कृतिक आदान प्रदान पहलों पर वृहद चर्चा की। इसमें प्रस्तावित भारत-न्यूजीलैंड खेल और संस्कृति सप्ताह भी प्रमुख है, इसका आयोजन दोनों देशों के शहरों में किया जाएगा, जो स्वदेशी खेल परंपराओं का जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और समुदायों को एकसाथ लाएगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य संयुक्त प्रशिक्षण शिविरों, प्रशिक्षकों के आदान प्रदान और खेल विज्ञान, विश्लेषण व खिलाड़ियों की प्रदर्शन प्रणालियों में ज्ञान साझा से उच्च प्रदर्शन खेलों में सहयोग को मजबूत करना है। चर्चाओं में पटियाला राष्ट्रीय खेल संस्थान के पाठ्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रशिक्षण विकास ढांचे को एकीकृत करने पर भी विचार किया गया। दोनों देशों ने सहयोग ढांचे के कार्यांवयन की देखरेख केलिए एक संयुक्त कार्यसमूह गठित करने, नोडल अधिकारियों को नामित करने और आवधिक समीक्षाओं केसाथ एक निगरानी तंत्र स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की। भारत और न्यूजीलैंड की खेल सहयोग साझेदारी को दोनों देशों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल पारिस्थितिकी तंत्र केलिए ठोस परिणामों में बदलने की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई।