स्वतंत्र आवाज़
word map

देश में वक्फ संपत्तियों का प्रबंधन डिजिटल हुआ

उम्‍मीद केंद्रीय पोर्टल पर लेखा एवं लेखापरीक्षा मॉड्यूल का शुभारंभ

वक्फ संस्थानों की आय व्यय संबंधित विवरणों की कड़ी निगरानी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 14 March 2026 04:37:37 PM

digital management of waqf properties on the 'ummeed' central portal

नई दिल्ली। देशभर में वक्फ संपत्तियों का प्रबंधन व्यापक रूपसे डिजिटल हो गया है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने वक्फ संस्थानों के प्रबंधन में पारदर्शिता व जवाबदेही को और ज्यादा मजबूत करने वाले एक महत्वपूर्ण कदम के रूपमें उम्‍मीद केंद्रीय पोर्टल (2025) पर लेखा एवं लेखापरीक्षा मॉड्यूल का शुभारंभ किया है। इससे ग़रीब अल्पसंख्यक महिलाओं और अनाथों के कल्याण व विकास केलिए निर्धारित धनराशि के समय पर संग्रह में भी सहायता मिलेगी, जो वक्फ संपत्तियों के इच्छित लाभार्थी हैं। लेखा एवं लेखापरीक्षा मॉड्यूल केसाथ उम्‍मीद केंद्रीय पोर्टल देशभर में वक्फ संपत्तियों के प्रभावी प्रशासन और प्रबंधन केलिए एक व्यापक डिजिटल मंच के रूपमें विकसित हो रहा है। इस मॉड्यूल से वक्फ संस्थानों के कामकाज में वित्तीय शासन और निगरानी सुनिश्चित हो सकेगी।
अल्पसंख्यक मंत्रालय उम्‍मीद पोर्टल के सुचारू कार्यांवयन को सुनिश्चित करने केलिए लगातार काम कर रहा है। राज्य वक्फ बोर्डों केसाथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने से लेकर प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन, हेल्प डेस्क स्थापित करने और निरंतर तकनीकी सहायता प्रदान करने तक मंत्रालय पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों को समय पर अपलोड करने और उनके प्रभावी प्रबंधन को सुगम बनाने केलिए निरंतर प्रयासरत है। नवनिर्मित मॉड्यूल देशभर में वक्फ संस्थानों के वित्तीय लेन-देन को रिकॉर्ड करने और प्रबंधित करने केलिए एक संरचित डिजिटल ढांचा प्रदान करता है। यह वक्फ संपत्तियों और संस्थानों की आय और व्यय से संबंधित विवरणों को व्यवस्थित रूपसे दर्ज करने में सक्षम बनाता है, जिससे वित्तीय रिकॉर्ड का उचित रखरखाव सुनिश्चित होता है। मॉड्यूल की एक प्रमुख विशेषता हैकि इसमें पोर्टल के माध्यम से ही संबंधित राज्य वक्फ बोर्डों को देय वैधानिक अंशदानों की स्वचालित गणना और भुगतान की व्यवस्था है।
वक्फ संपत्तियों के लेखा एवं लेखापरीक्षा मॉड्यूल से पारदर्शिता में वृद्धि, वैधानिक आवश्यकताओं का बेहतर अनुपालन और वक्फ संस्थानों से संबंधित वित्तीय गतिविधियों की कुशल निगरानी सुनिश्चित होने की उम्मीद है। इस अवसर पर केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के सचिव डॉ चंद्र शेखर कुमार और अधिकारियों ने बताया हैकि इस पहल में शामिल टीमें यह सुनिश्चित करने केलिए दिन-रात मेहनत कर रही हैंकि उम्‍मीद पोर्टल से वक्फ प्रशासन का डिजिटल परिवर्तन सुचारू और कुशलतापूर्वक आगे बढ़े। इन निरंतर प्रयासों का उद्देश्य देश में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन केलिए एक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रौद्योगिकी आधारित प्रणाली का निर्माण करना है। मंत्रालय ने संस्थागत शासन को सुदृढ़ करने और यह सुनिश्चित करने केप्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई हैकि वक्फ संपत्तियों का कुशलतापूर्वक प्रबंधन किया जाए, ताकि उनका लाभ समाज के लक्षित वर्गों तक पहुंचे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]