'बैंक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं'
सुरेश खन्ना और राकेश सचान ने लाभार्थियों को सौंपे चेकस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 26 March 2026 05:20:57 PM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को त्वरित ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में कल वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं एसएलबीसी उत्तर प्रदेश के संयोजक ने इस अवसर पर अवगत करायाकि मार्च 2026 के दौरान प्रदेश में विभिन्न बैंकों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एमएसएमई, कृषि एवं स्वरोज़गार से संबंधित योजनाओं और प्राथमिकता क्षेत्र के अंतर्गत कुल ₹47,300 करोड़ से अधिक के ऋण वितरण किए हैं। उन्होंने कहाकि इसी क्रम में इस शिविर में 112 लाभार्थियों को चेक से लगभग ₹370 करोड़ की ऋण राशि वितरित की गई है और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट का भी वितरण किया गया है।
वृहद ऋण वितरण शिविर में उत्तर प्रदेश में वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग और हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान अतिथि के रूपमें उपस्थित थे। उन्होंने वृहद ऋण वितरण शिविर की प्रशंसा करते हुए कहाकि इस प्रकार के वृहद ऋण वितरण शिविर राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वरोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने और आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बैंकों से अपेक्षा कीकि वे अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहाकि यह आयोजन राज्य में ऋण प्रवाह को सुदृढ़ करने, रोज़गार सृजन को प्रोत्साहित करने तथा समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशामें एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति उत्तर प्रदेश एवं अग्रणी जिला प्रबंधक लखनऊ ने जिला प्रशासन लखनऊ के समन्वय से वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया था। इस अवसर पर सदस्य विधानपरिषद इंजी अवनीश कुमार सिंह, संस्थागत वित्त महानिदेशक संदीप कौर, वित्त विभाग में विशेष सचिव समीर, जनपद लखनऊ के मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, महाप्रबंधक एवं संयोजक एसएलबीसी शैलेंद्र कुमार सिंह सहित प्रदेश के प्रमुख बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।