स्वतंत्र आवाज़
word map

आईआईटी रुड़की में 'परिवर्तन की बयार'

TEDxIITRoorkee में विचारों का आदान प्रदान

संवाद रचनात्मकता और प्रगतिशील सोच को प्रोत्साहन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 8 April 2026 04:33:15 PM

a breeze of change at iit roorkee

रुड़की (उत्तराखंड)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने ‘परिवर्तन की बयार’ विषय पर 5 अप्रैल को TEDxIITRoorkee 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम विचारों, दृष्टिकोणों और कथाओं के एक सशक्त मंच के रूपमें उभरा है, जिसने चिंतन और परिवर्तन को प्रेरित किया, विविध वक्ताओं और श्रोताओं को एकसाथ लाया। TEDx प्रसार योग्य विचारों का वैश्विक स्तरपर एक मान्यता प्राप्त मंच है, जो TED के अंतर्गत स्वतंत्र रूपसे आयोजित कार्यक्रमों को सक्षम बनाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए TEDxIITRoorkee ने ‘परिवर्तन की बयार’ विषय पर केंद्रित संवादों का संयोजन किया, जो एक कोमल, किंतु शक्तिशाली परिवर्तनकारी शक्ति का प्रतीक है। यह दृष्टि एक प्रभावशाली वक्ता समूह में परिलक्षित हुई, जिसमें विशेष रूपसे प्रेरणादायक महिला वक्ताओं का एक पैनल शामिल था, जिनकी यात्राएं साहस, धैर्य और प्रगतिशील परिवर्तन का प्रतीक रहीं।
TEDxIITRoorkee 2026 में वक्ताओं ने एक प्रेरणादायक सशक्त श्रृंखला प्रस्तुत की। अंतर्राष्ट्रीय धाविका दूती चंद ने अपने संघर्ष और दृढ़ता की यात्रा साझा की। उन्होंने पारंपरिक पृष्ठभूमि से वैश्विक पहचान तककी अपनी कहानी बताई। एला डी वर्मा ने सामाजिक मान्यताओं और व्यक्तित्व की स्वतंत्रता पर विचारोत्तेजक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया, जिससे श्रोताओं को पूर्वाग्रहों पर प्रश्न उठाने और समावेशिता को अपनाने केलिए प्रेरित किया। प्रसिद्ध वॉयस आर्टिस्ट सिमरन कौर, जो डोरेमोन में नोबिता की आवाज़ के रूपमें जानी जाती हैं ने अपने करियर की यात्रा साझा की और जुनून तथा निरंतरता के महत्व पर बल दिया। एसिड अटैक सर्वाइवर एवं सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मी अग्रवाल ने साहस, आत्मबल और विपरीत परिस्थितियों में दृढ़ रहने की प्रेरक कथा प्रस्तुत की। TEDxIITRoorkee 2026 ने विचारों के उत्सव के रूपमें अपनी पहचान स्थापित की, जो परंपराओं को चुनौती देते हुए सार्थक परिवर्तन केलिए प्रेरित करता है तथा संवाद, रचनात्मकता और प्रगतिशील सोच को प्रोत्साहित करने केप्रति आईआईटी रुड़की की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है।
प्रसिद्ध स्पीड पेंटर आर्ट्सी रोहित ने आकर्षक प्रदर्शन केसाथ कार्यक्रम में लाइव कला सृजन से कला और कथन का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। उनके प्रदर्शन में आईआईटी रुड़की की मुख्य इमारत का चित्रण, अभिनेता रणवीर सिंह, क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के चित्र और एक व्यक्तिगत श्रद्धांजलि शामिल थी, जिसने रचनात्मक अभिव्यक्ति की शक्ति को प्रभावी रूपसे प्रदर्शित किया। TEDxIITRoorkee 2026 का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन करके आईआईटी रुड़की के कुलगीत केसाथ हुआ। डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ बरजीव त्यागी ने भी जनसमूह को संबोधित किया। एसोसिएट डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ अजंता गोस्वामी, एसोसिएट डीन ऑफ इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन डॉ साई रामुडु मेका और TEDxIITRoorkee के समन्वयक डॉ वरुण शर्मा को पुष्पगुच्छ एवं स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]