स्वतंत्र आवाज़
word map

स्मृतिका युद्ध स्मारक पर लेजर लाइट साउंड शो

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन

भारतीय सेना के इतिहास और उपलब्धियों का मल्टीमीडिया प्रस्तुतिकरण

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 13 April 2026 12:13:15 PM

laser light and sound show at the smritika war memorial

लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ छावनी में स्मृतिका युद्ध स्मारक पर अत्याधुनिक लेजर लाइट साउंड शो का संयुक्त रूपसे उद्घाटन किया। लगभग 30 मिनट के इस मल्टीमीडिया शो में हिंदी भाषा में एडवांस प्रोजेक्शन, साउंड और लाइटिंग तकनीकों से भारतीय सेना के इतिहास, सैन्य अभियानों में उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में अनुकरणीय योगदान को प्रस्तुत किया गया। यह शो स्मृतिका युद्ध स्मारक में हर शाम आयोजित किया जाएगा और जल्दही आम जनता केलिए भी खोल दिया जाएगा। मल्टीमीडिया प्रस्तुति में भारत के प्रमुख युद्धों का संक्षिप्त विवरण दिया गया, जिसमें विशेषतौर पर 1947-48, 1962, 1965 और 1971 के संघर्षों के महत्वपूर्ण परिचालन पहलुओं और मेघदूत एवं विजय अभियानों में किए गए विशिष्ट योगदानों पर प्रकाश डाला गया।
लेजर लाइट साउंड शो में सेंट्रल कमान की अहम भूमिका को प्रमुखता से दिखाया गया। इसके साथही अवध क्षेत्र के परमवीरचक्र विजेताओं की अद्वितीय वीरता को भी उजागर किया गया, अवध की समृद्ध युद्ध परंपराओं और राष्ट्र की रक्षा में उनके विशिष्ट योगदान का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। मल्टीमीडिया शो में रक्षा क्षेत्र में उभरते खतरों और युद्ध की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप भारतीय सेना के निरंतर आधुनिकीकरण और रूपांतरण को दर्शाया गया। भारतीय रक्षा उद्योग की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसका पहला इस्तेमाल ऑपरेशन सिंदूर में नज़र आया और उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता केंद्र के रूपमें उभरा, जिसका उदाहरण राज्य का रक्षा गलियारा है। मल्टीमीडिया शो को सुगम बनाने और प्रदर्शित करने केलिए स्मृतिका युद्ध स्मारक परिसर का व्यापक स्तरपर जीर्णोद्धार किया जा रहा है। मल्टीमीडिया शो केलिए अत्याधुनिक प्रोजेक्टर और स्पीकर लगाने केसाथ नई पीढ़ी के सैन्य उपकरणों और युद्ध ट्रॉफियों को दर्शाने वाले भित्तिचित्र लगाए जा रहे हैं और एक आधुनिक एम्फीथिएटर का निर्माण किया गया है।
स्मृतिका युद्ध स्मारक पर विशेष भित्तिचित्र दीवारें बनाई जा रही हैं, जो सैन्य इतिहास केसाथ शो केलिए जीवंत कैनवास का काम करेंगी। यह पहल मुख्यालय सेंट्रल कमान की ओरसे उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के सहयोग से कार्यांवित की गई है। ज्ञातव्य हैकि लखनऊ छावनी में स्मृतिका युद्ध स्मारक भारतीय रक्षा बलों के सैनिकों की वीरता, बलिदान और अदम्य भावना को 1994 से ही अटूट श्रद्धांजलि अर्पित करता आ रहा है। सेंट्रल कमान मुख्यालय के तत्वावधान में यह स्मारक राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने, सैन्य विरासत के संरक्षण और आम जनता विशेषकर युवाओं में देशसेवा और सेना केप्रति जागरुकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सेंट्रल कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्या सेंगपुटा, भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]