विश्व कंपाउंड तीरंदाजी में चैंपियन का सम्मान
शंघाई में तीरंदाजी में जीता स्वर्ण पदकस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 25 May 2017 12:33:51 AM
नई दिल्ली। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष सुशील चंद्र ने नई दिल्ली में आयकर निरीक्षक अभिषेक वर्मा को शंघाई में आयोजित विश्व कंपाउंड तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया है। भारत ने 21 मई 2017 को शंघाई में अपने तीरंदाजी विश्व कप चरण-1 अभियान की कम्पाउंड टीम का स्वर्ण पदक जीतकर समाप्ति की। नई दिल्ली में कार्यरत आयकर निरीक्षक अभिषेक वर्मा कोलम्बिया को हराकर स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के एक सदस्य थे। भारतीय टीम, वियतनाम, ईरान और अमरीका को हराकर फाइनल में पहुंची थी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष सुशील चंद्र ने पूरे विभाग की ओर से अभिषेक वर्मा को उनके शानदार खेल कैरियर के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
आयकर विभाग ने अभिषेक वर्मा को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य में अधिक सफलता अर्जित करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं। सत्ताईस वर्षीय अभिषेक वर्मा विश्व में 5वें पायदान, एशिया में दूसरे पायदान पर और भारत में नंबर 1 हैं। उन्हें 2014 में तीरंदाजी के क्षेत्र में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार और 2007 में खेल में उत्कृष्टता के लिए राजीव गांधी राज्य पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। उन्होंने भारत में 2016 में 12वें सेफ खेलों में तीरंदाजी में स्वर्ण तथा थाईलैंड में 2015 में 19वीं तीरंदाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम गौरवांवित किया है। अभिषेक वर्मा 2014 में पहली एशियाई ग्रांड प्रिक्स टूर्नामेंट में एक ही दिन में दो बार 150/150 शूट करने वाले वे पहले भारतीय तीरअंदाज हैं और एशिया में 708/720 अंक हासिल करने का रिकार्ड उनके ही नाम है।