मेरिट के आधार पर 97 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए
खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं में मिलेंगे अवसर-आयकर आयुक्तस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 13 August 2026 12:06:30 PM
मुंबई। आयकर विभाग मुंबई ने सार्वजनिक सेवा में खेल उत्कृष्टता को सम्मानित करने और उच्चस्तरीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए खेल कोटे केतहत विभिन्न खेल स्पर्धाओं के 97 मेधावी खिलाड़ियों को शामिल किया है। आयकर भवन मुंबई क्षेत्र के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त आलोक कुमार ने कार्यक्रमपूर्वक नवचयनित खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। आयकर विभाग ने 7 जनवरी 2026 अधिसूचना के माध्यम से 97 रिक्तियों केलिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इस भर्ती केतहत विभिन्न खेल स्पर्धाओं के खिलाड़ियों से कुल 3,595 आवेदन प्राप्त हुए। निर्धारित मानदंडों के अनुसार कड़े सत्यापन और मूल्यांकन केबाद मेरिट के आधार पर 97 उम्मीदवारों का चयन किया गया।
आयकर विभाग के खेल कोटे की भर्ती की एक प्रमुख विशेषता हैकि चयनित खिलाड़ियों में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अंतर्राष्ट्रीय स्तरपर प्रतिनिधित्व किया है या भाग लिया है, जो विभाग में शामिल होनेवाली प्रतिभाओं के असाधारण स्तर को दर्शाता है। प्रमुख चयनित खिलाड़ियों में तनुष कोटियन हैं, जो मुंबई रणजी क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हैं और भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। अभिषेक ने प्रथम विश्व योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप अहमदाबाद (2026) में दो स्वर्ण पदक हासिल किए हैं, तेजल हसबनिस भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी हैं तथा पैरा-खिलाड़ी आकाश ने विश्व शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स विश्वकप नई दिल्ली (2024) में टीम स्वर्ण पदक और डब्ल्यूएसपीएस विश्वकप अल एन दुबई (2025) में स्वर्ण पदक जीता है। यह भर्ती आयकर विभाग के उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और प्रतिष्ठित एथलीटों को राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
मुंबई क्षेत्र के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त आलोक कुमार ने इस अवसर पर नवचयनित खिलाड़ियों को आश्वस्त कियाकि उन्हें अपने खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं को जारी रखने के सभी अवसर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि आयकर विभाग मुंबई को यह उम्मीद हैकि ये नए खिलाड़ी सार्वजनिक सेवा में भी उसी अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता को लाएंगे, जिसने उनके खेल करियर को एक विशेष पहचान दी है। इंडक्शन कार्यक्रम के हिस्से के रूपमें नवचयनित खिलाड़ियों को उनकी भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और लागू होनेवाले सरकारी नियमों के बारेमें विस्तार से जानकारी दी गई।