प्रदेश के प्रत्येक पात्र किसान को पीएमएफबीवाई का सुरक्षा कवच
पीएमएफबीवाई खरीफ 2026 केलिए 5 अगस्त से नामांकन प्रारम्भस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 13 August 2026 12:50:39 PM
लखनऊ। राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) खरीफ 2026 के प्रभावी क्रियांवयन एवं पात्र केसीसी धारक कृषकों के शत प्रतिशत बीमा कवरेज और केसीसी संतृप्तिकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति उत्तर प्रदेश के महाप्रबंधक एवं संयोजक शैलेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त निदेशक कृषि सांख्यिकी विभाग उत्तर प्रदेश सरकार, उपमहाप्रबंधक नाबार्ड, उपमहाप्रबंधक एसएलबीसी, सदस्य बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित बीमा कंपनियों के अधिकारियों से बैठक में वृहद विचार विमर्श किया। बैठक में बताया गयाकि पीएमएफबीवाई खरीफ 2026 के अंतर्गत नामांकन 5 अगस्त 2026 से प्रारम्भ हो चुका है और प्रीमियम डेबिट की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है।
राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के महाप्रबंधक एवं संयोजक शैलेंद्र कुमार सिंह ने सदस्य बैंकों से नामांकन अभियान में तेजी लाने और प्रत्येक पात्र केसीसी धारक ऋणी कृषक का समयबद्ध रूपसे फसल बीमा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। शैलेंद्र कुमार सिंह ने बैंकों से अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए अंचल एवं क्षेत्रीय स्तरपर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने एसएमएस, पोस्टर, बैनर, पम्पलेट, सोशल मीडिया और विभिन्न संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग से व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहाकि लक्ष्य केवल गत वर्ष की उपलब्धियों को पार करना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र किसान को पीएमएफबीवाई के सुरक्षा कवच से आच्छादित करना होना चाहिए।
केसीसी संतृप्तिकरण अभियान को गति देने केलिए कृषका ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार और उपयोग पर भी जोर दिया गया। बैंक शाखाओं, बैंक मित्रों एवं किसान जागरुकता शिविरों के माध्यम से किसानों को केसीसी आवेदन, सत्यापन एवं प्रगति की निगरानी हेतु उपलब्ध डिजिटल माध्यमों के उपयोग केलिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया। बैठक में उपमहाप्रबंधक एसएलबीसी ने सदस्य बैंकों, कृषि विभाग एवं बीमा कंपनियों से आपसी समन्वय एवं सतत निगरानी केसाथ पीएमएफबीवाई खरीफ 2026 के अधिकतम कवरेज और केसीसी संतृप्तिकरण के लक्ष्य को निर्धारित समयसीमा में प्राप्त करने का आह्वान किया।