हथकरघा वस्त्रों और हस्तशिल्प उत्पादों का विविध संग्रह प्रस्तुत
कुशल महिला हथकरघा बुनकरों को किया गया सम्मानितस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 9 March 2026 11:38:39 AM
नई दिल्ली। महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र की समृद्ध हथकरघा विरासत का उत्सव मनाते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम और वस्त्र मंत्रालय ने संयुक्त रूपसे भारत की समृद्ध हथकरघा विरासत का जश्न मनाते हुए हथकरघा क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को उजागर करती एक विशेष हथकरघा प्रदर्शनी ‘विरासत शक्ति’ का शुभारंभ किया है। हथकरघा प्रदर्शनी का उद्देश्य देशभर के कुशल बुनकरों और कारीगरों को एक सार्थक बाज़ार मंच प्रदान करना है। यह प्रदर्शनी हथकरघा क्षेत्र को समर्थन देने और भारत की पारंपरिक बुनाई विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला कारीगरों को सशक्त बनाने केप्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। समारोह के हिस्से के रूपमें विभिन्न राज्यों की कुशल महिला हथकरघा बुनकरों को उनके समर्पण, शिल्प कौशल और भारत के हथकरघा क्षेत्र को मजबूत करने में उनके अनुकरणीय योगदान केलिए सम्मानित किया गया।
हथकरघा प्रदर्शनी 14 मार्च तक नई दिल्ली के हथकरघा हाट में जारी है। यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 से रात 8 बजे तक जनता केलिए खुली रहेगी, यहां आगंतुकों को कारीगरों से सीधे प्रामाणिक हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पादों को देखने व खरीदने का अवसर मिलेगा। इसवर्ष देशभर से 60 बुनकर और कारीगर भाग ले रहे हैं, हथकरघा वस्त्रों और हस्तशिल्प उत्पादों का एक विविध संग्रह प्रस्तुत कर रहे हैं। यह प्रदर्शनी भारत के पारंपरिक शिल्प क्षेत्र की रचनात्मकता, सांस्कृतिक समृद्धि और शिल्प कौशल को उजागर करती है, साथही कारीगर समुदाय केलिए स्थायी आजीविका को बढ़ावा देती है। उद्घाटन समारोह में हथकरघा विकास आयुक्त डॉ एम बीना, एनएचडीसी के प्रबंध निदेशक राजीव अशोक, वस्त्र मंत्रालय और एनएचडीसी के अधिकारी भी उपस्थित थे।