'रक्तदान है महादान' संदेश से लोगों को जागरुक किया गया
शिमला में एसजेवीएन कारपोरेट मुख्यालय का रक्तदान शिविरस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 6 April 2026 06:19:36 PM
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने एसजेवीएन कार्पोरेट मुख्यालय शिमला में अपने सामाजिक दायित्वों केप्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया। उन्होंने इस मौके पर कहाकि इस प्रकार की पहले न केवल संगठन में संवेदना और सामाजिक दायित्व की संस्कृति को सुदृढ़ करती हैं, अपितु स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सहयोग देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने पार्थजीत डे निदेशक (वित्त), पंकज पोरवाल मुख्य सतर्कता अधिकारी और एसजेवीएन के वरिष्ठ अधिकारियों केसाथ रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।
अजय कुमार शर्मा ने एसजेवीएन के कर्मियों और रक्तदान शिविर में प्रतिभागियों के स्वैच्छिक सेवा भावना की खूब सराहना की। उन्होंने कहाकि एसजेवीएन ऐसी एवं इस प्रकार की और अधिक गतिविधियों के आयोजन केलिए प्रयासरत है, जो समाज में सार्थक योगदान देती हैं और दूसरों कोभी इस पुनीत कार्य में शामिल होने केलिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर अजय कुमार शर्मा और सतलुज लेडीज़ क्लब शिमला की संरक्षिका उनकी पत्नी शैली शर्मा ने भी रक्तदान किया। पार्थजीत डे ने स्वैच्छिक रक्तदाताओं की सराहना की और जागरुक संदेश दियाकि रक्तदान जीवन बचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहाकि इस प्रकार के शिविरों का नियमित आयोजन स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व केप्रति लोगों में जागरुकता उत्पन्न करने में सहयोग केसाथ-साथ कर्मचारियों के मध्य एकता एवं मानवीय मूल्यों की भावना को भी बढ़ावा देता है।
'रक्तदान है महादान' संदेश के माध्यम से लोगों को जागरुक किया गया। रक्तदान शिविर में एसजेवीएन के कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सतलुज लेडीज़ क्लब शिमला और कारपोरेट मुख्यालय शिमला में तैनात संविदारत कर्मचारियों ने जीवनरक्षक ‘रक्तदान’ में उत्साह से भाग लेकर स्वेच्छा से 200 से अधिक यूनिट का रक्तदान किया। इस रक्तदान शिविर का आयोजन इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला के आईएच एंड ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सहयोग से किया गया था। शिविर में आईजीएमसी के चिकित्सा अधिकारी और उनकी टीम भी उपस्थित थी।