स्वतंत्र आवाज़
word map

सहारनपुर डाक प्रशिक्षण केंद्र की प्लेटिनम जयंती

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली में जारी किया स्मारक डाक टिकट

राष्ट्र निर्माण में डाक प्रशिक्षण केंद्र के अटूट योगदान को सराहा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 2 April 2026 03:37:51 PM

commemorative postage stamp on the anniversary of the saharanpur postal training centre

सहारनपुर/ नई दिल्ली। भारतीय डाक विभाग ने प्रशिक्षण और संस्थागत क्षमता निर्माण में उत्कृष्टता के 75 वर्ष पर सहारनपुर डाक प्रशिक्षण केंद्र की प्लेटिनम जयंती पर स्मारक डाक टिकट जारी किया है। यह डाक टिकट केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रंगभवन सभा आकाशवाणी भवन नई दिल्ली में समारोहपूर्वक जारी किया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस अवसर को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहाकि डाक प्रशिक्षण केंद्र मात्र एक संस्थान नहीं, बल्कि एक ऐसा स्थान है, जहां इतिहास जीवंत है और निरंतर विकसित हो रहा है। उन्होंने कहाकि 75 वर्ष पूरे होने का यह उत्सव राष्ट्र निर्माण में डाक प्रशिक्षण केंद्र के अटूट योगदान को दर्शाता है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहाकि भारत वर्ष 2030 तक न केवल देश केलिए, बल्कि विश्व केलिए भी एक लॉजिस्टिक पॉवर हाउस बनने की दिशामें लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने इस महत्वाकांक्षा को प्राप्त करने में डाक विभाग और उसके कर्मचारियों की उल्लेखनीय भूमिका को रेखांकित किया। गौरतलब हैकि 2 अप्रैल 1951 को स्थापित सहारनपुर डाक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना स्वतंत्र भारत के प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई थी। इसका उद्देश्य डाक कर्मियों केलिए एक संरचित और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रणाली शुरू करना था, जिसमें अनौपचारिक कार्य आधारित प्रशिक्षण को 56.71 एकड़ के परिसर में एक व्यवस्थित संस्थागत ढांचे से प्रतिस्थापित किया गया था। वर्षों से यह उत्तरी भारत के 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में डाककर्मियों को सेवा प्रदान करने वाला एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान बन गया है।
सहारनपुर डाक प्रशिक्षण केंद्र 11 उन्नत कंप्यूटर प्रयोगशालाओं और एक विशेष ई-स्टूडियो से सुसज्जित है, जो प्रतिवर्ष लगभग 3000 कर्मचारियों को ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, डिजिटल संचालन और वित्तीय समावेशन में कौशल प्रदान करते हुए प्रशिक्षित करता है, साथही अनुशासन, विश्वसनीयता और सार्वजनिक सेवा के मूल मूल्यों को भी उनमें समाहित करता है। कार्यक्रम में डाक सेवा महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता, डिजिटल संचार आयोग के सदस्य (वित्त) मनीष सिन्हा, महानियंत्रक संचार लेखा की वंदना गुप्ता और सदस्य मानव संसाधन विकास कर्नल एसएफएच रिज़वी भी उपस्थित थे। स्मारक डाक टिकट अब पूरे भारत में डाक टिकट संग्रह केंद्रों पर उपलब्ध है और इसे www.epostoffice.gov.in पर ऑनलाइन भी खरीदा जा सकता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]