'चालकों की आजीविका में सुधार का एक महत्वपूर्ण कदम'
पीयूष गोयल ने शुरू की भारत टैक्सी चालक ऑनबोर्डिंग पहलस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 24 April 2026 06:21:08 PM
मुंबई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री और मुंबई उत्तर से सांसद पीयूष गोयल ने देशभर में शहरी गतिशीलता को सुदृढ़ करने और चालकों की आजीविका में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूपमें आज मुंबई में भारत टैक्सी चालक ऑनबोर्डिंग पहल का शुभारंभ किया। मुंबई अब उन शहरों के नेटवर्क में शामिल हो गया है, जिनमें दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, चंडीगढ़ और लखनऊ हैं, जहां संगठित गतिशील नेटवर्क लगातार विस्तार कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य संरचित डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तक पहुंच का विस्तार करना है, जो चालकों की भागीदारी बढ़ाएं, पारदर्शिता में सुधार करें और बेहतर आय के अवसर उपलब्ध कराएं। कांदिवली पश्चिम के कमला विहार स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों ऑटो रिक्शा एवं कैब चालक, परिवहन यूनियन प्रतिनिधि तथा सहकारी संघों के सदस्य उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के विकसित हो रहे गतिशीलता तंत्र को मजबूत बनाने में सहकारी और प्रौद्योगिकी आधारित मॉडलों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहाकि भारत टैक्सी चालकों को भागीदार के रूपमें जुड़ने का अवसर देती है, साथही उन्हें ऐसे डिजिटल उपकरणों का लाभ मिलता है, जो पारदर्शिता, उनकी आय और श्रम की गरिमा को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहाकि ऐसी पहलें भारत की शहरी परिवहन प्रणालियों की भविष्य दिशा का प्रतिनिधित्व करती हैं। पीयूष गोयल ने कहाकि यह ऑनबोर्डिंग अभियान प्रमुख शहरों में चालक प्रथम गतिशीलता प्रणालियों को सुदृढ़ करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहाकि ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया को सरल बनाकर परिचालन दक्षता में सुधार और राइड की मांग तक अधिक नियमित पहुंच सुनिश्चितकर यह पहल चालकों और यात्रियों दोनों केलिए एक टिकाऊ एवं समावेशी तंत्र विकसित करने का प्रयास करती है।
भारत टैक्सी के मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक पांडेय ने कहाकि हालिया परिचालन संकेतक प्लेटफॉर्म की वृद्धि को दर्शाते हैं, जहां 5.17 लाख से अधिक चालक जुड़े हुए हैं, 50 लाख से अधिक ग्राहक ऑनबोर्ड किए जा चुके हैं और विभिन्न शहरों में हर महीने लगभग 10 लाख राइड्स संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहाकि मुंबई एक उच्च संभावनाओं वाला बाजार है और स्थानीय चालक यूनियनों से मिले मजबूत समर्थन ने शहर में प्लेटफॉर्म के विस्तार तथा मजबूत चालक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण केप्रति विश्वास को और मजबूत किया है। गौरतलब हैकि भारत टैक्सी का यह विस्तार गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उस विजन के अनुरूप है, जिसके तहत अगले तीन वर्ष में भारत टैक्सी को देश के सभी प्रमुख शहरों में संचालित होते देखना है, जिसमें मुंबई राष्ट्रीय विकास रोडमैप का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनकर उभरा है। यह कार्यक्रम महानगरीय क्षेत्रों में चालकों और यात्रियों की बदलती जरूरतों के अनुरूप प्रौद्योगिकी आधारित, समावेशी और सहकारी गतिशीलता ढांचे को बढ़ावा देने की सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।