स्वतंत्र आवाज़
word map

सीईसी ने दिए जिज्ञासु छात्रों के सवालों के जवाब

चुनाव में युवाओं का विश्वास व भागीदारी लोकतंत्र का भविष्य-सीईसी

कोल्विन तालुकदार्स कॉलेज में चुनाव प्रक्रिया के बारे में जनजागरुकता

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 25 August 2026 01:44:18 PM

curious students in lucknow asked questions of the cec

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले चुनाव की तैयारियों के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग अपने दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में चुनाव प्रक्रिया केबारे में वृहद स्तर पर जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। लखनऊ में ‘निर्वाचन संबंधी साक्षरता क्लब (ईएलसी 2.0) और ईसीआईएनईटी’ विषय पर दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से खासकर युवाओं में निर्वाचन संबंधी साक्षरता और लोकतांत्रिक जागरुकता को सुदृढ़ करना है। लखनऊ के शैक्षणिक संस्‍थान कोल्विन तालुकदार्स कॉलेज में उत्तर प्रदेश के विभिन्‍न विद्यालयों और महाविद्यालयों के जिज्ञासु विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार ने विद्यार्थियों को राष्‍ट्र का भविष्‍य बताया। उन्‍होंने कहाकि निर्वाचन संबंधी साक्षरता क्‍लब निर्वाचन प्रक्रियाओं से संबंधित ज्ञान और समझ को आगे बढ़ाने तथा लोकतंत्र को समृद्ध बनाने केलिए अत्‍यंत आवश्‍यक है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बतायाकि देश में चुनाव पूरी तरह से भारत के संविधान, कानूनों तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कराए जाते हैं, ये चुनाव सभी चरणों में राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों के समवर्ती ऑडिट के तहत पूरी पारदर्शिता केसाथ सम्‍पन्‍न होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं को भारत की निर्वाचन प्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता पंजीकरण, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रियाओं, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल दिया। युवाओं की सहभागिता के महत्व पर जोर देते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहाकि निर्वाचन प्रक्रिया में युवाओं का विश्वास और उनकी सूचित भागीदारी लोकतंत्र के भविष्य में निवेश है। ‘लोकतंत्र सीखें, लोकतंत्र का नेतृत्व करें’ की टैगलाइन केसाथ ईएलसी 2.0 का उद्देश्‍य युवा एवं पहलीबार मतदान करने वाले मतदाताओं को न केवल लोकतंत्र को समझने केलिए प्रोत्‍साहित करना है, बल्कि सार्थक रूपसे इसमें भाग लेने और इसकी प्रगति में योगदान देने केलिए भी प्रेरित करना है।
सीईसी ज्ञानेश कुमार ने उत्तर प्रदेश के बूथस्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) से भी बातचीत की। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बूथ लेवल ऑफिसर्स केसाथ बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। गौरतलब हैकि ईएलसी 2.0 केतहत निर्वाचन संबंधी साक्षरता क्लबों को स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संरचित, दृश्यमान और डिजिटल रूपसे सक्षम प्लेटफार्म के रूपमें नए सिरे से तैयार किया गया है। इनका उद्देश्‍य युवाओं केबीच चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देना और उनके परिवारों, शैक्षणिक संस्थानों व समुदायों में चुनावी जागरुकता फैलाना है। भारत के विशाल शैक्षणिक इकोसिस्‍टम को देखते हुए यह पहल बहुत महत्वपूर्ण है, जिसमें लगभग 15 लाख स्कूल, करीब 25 करोड़ विद्यार्थी और एक करोड़ से अधिक शिक्षक शामिल हैं। उच्चशिक्षा क्षेत्र में लगभग 1,500 विश्वविद्यालय और करीब 70,000 शिक्षण संस्थान हैं, जिनमें अनुमानित 4.33 करोड़ विद्यार्थी नामांकित हैं।
निर्वाचन संबंधी साक्षरता क्लब का लक्ष्य विस्‍तृत संस्थागत नेटवर्क के माध्यम से तथ्यात्मक और अनुभवात्मक निर्वाचन शिक्षा को बढ़ावा देना, भारत की निर्वाचन प्रणाली की पारदर्शिता, निष्‍पक्षता और विश्वसनीयता के बारेमें जागरुकता बढ़ाना तथा युवा नागरिकों को सूचित लोकतांत्रिक भागीदारी के दूत बनने केलिए प्रोत्साहित करना है। ईएलसी निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों जिनमें मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना शामिल हैं केबारे में जानकारी प्रसारित करने के मंच के रूपमें भी काम करेंगे। इसके साथ ही ईसीआईएनईटी ऐप और भारत निर्वाचन आयोग की प्रमुख पहलों के बारेमें भी जानकारी उपलब्‍ध कराई जाएगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]