डाक सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक बनाएंगे-संचार मंत्री
डाक मित्र, डाक सेवा ऐप और नवीनीकृत डाकघरों का उद्घाटनस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 25 August 2026 04:47:58 PM
नई दिल्ली। भारतीय डाक विभाग ने उन्नत डाक मित्र और डाक सेवा मोबाइल एप्लिकेशन के शुभारंभ और देशभर में 14 नवीनीकृत डाकघर भवनों के उद्घाटन केसाथ डाक सेवा वितरण को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्यमंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी ने डिजिटल रूपसे सशक्त नागरिक केंद्रित और समावेशी भारत के विजन के अनुरूप अपग्रेड एप्लिकेशन का शुभारंभ किया तथा नवीनीकृत डाकघर भवनों का उद्घाटन किया। इन पहलों का उद्देश्य अंतिम छोर तक सेवा वितरण को सुदृढ़ करना, नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाना और भारतीय डाक के डिजिटल बदलाव में तेजी लाना है। संचार मंत्री ने कहाकि डाक विभाग प्रौद्योगिकी, नीतिगत सुधारों, संगठनात्मक परिवर्तन और आधुनिक अवसंरचना से बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहाकि ये पहल डाक सेवाओं को हर पीढ़ी केलिए अधिक सुलभ, सुविधाजनक और प्रासंगिक बनाने के विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने इन प्लेटफॉर्म्स को विकसित करने और डाक नेटवर्क को आधुनिक बनाने में शामिल टीमों को बधाई दी और दोहरायाकि भारतीय डाक की सोच कार्यप्रणाली से नागरिकों को सेवा प्रदान करने में सुधारात्मक बदलाव आ रहा है।
संचार राज्यमंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहाकि 'डाक मित्र' डिजिटल टूल्स से डाककर्मियों को घर-घर सेवा प्रदान करने में मदद करता है, जबकि 'डाक सेवा' 23 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध एक ही सुलभ प्लेटफॉर्म पर कई डाक सेवाओं की सुविधा प्रदान करता है। उन्होंने कहाकि ये पहल भारतीय डाक के पारंपरिक विश्वास और सेवा की भावना को आधुनिक तकनीक, अधिक गति और आसान पहुंच केसाथ जोड़ने के विभाग के दृष्टिकोण को दर्शाती है। डाक विभाग आईटी 2.0 आधुनिकीकरण केतहत उन्नत डाक प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म केतहत डाक प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र से स्वदेशी रूपसे विकसित, उन्नत डाक मित्र एप्लिकेशन 1.4 लाख से अधिक शाखा डाकघरों के एक एकीकृत परिचालन मंच के रूपमें कार्य करता है। एंड्रॉइड आधारित हैंडहेल्ड उपकरणों के उपयोग केसाथ यह शाखा पोस्टमास्टरों को पेपरलेस और वास्तविक समय में डाक और वित्तीय लेन-देन करने की सुविधा प्रदान करता है, जिसमें मेल बुकिंग, ओटीपी आधारित डोरस्टेप डिलीवरी, कोर बैंकिंग सेवाएं, बीमा सेवाएं, आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी, नकद जमा, निकासी और घर पर ही पीएलआई/ आरपीएलआई प्रीमियम जमा करना शामिल हैं।
डाक सेवा ऐप नागरिकों को 24 घंटे डाक सेवाओं की सुविधा देता है, इसमें ट्रैकिंग, बुकिंग, शिकायतें, डाकघर और पिन कोड लोकेटर और वित्तीय कैलकुलेटर शामिल है। भाषिणी से 23 भारतीय भाषाओं में डाक सेवाओं का लाभ उठाने की सुविधा भी देता है। डाक विभाग स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर नई दिल्ली के सहयोग से एक डिजाइन मैनुअल के जरिए डाकघर की सुविधाओं का आधुनिकीकरण कर रहा है। यह मैनुअल कार्यक्षमता, सुलभता, परिचालन दक्षता और बेहतर ग्राहक अनुभव पर केंद्रित है, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुकूल भी है। डिज़ाइन मैनुअल चार मुख्य सिद्धांतों-जनसेवा के रूपमें पहचान, नागरिक केंद्रित सेवा प्रदान करना, प्रौद्योगिकी और नवाचार से भविष्य केलिए तैयार रहना और स्थानीय आवश्यकतों के अनुरूप बदलाव की सुविधा केसाथ मानकीकरण पर आधारित है। इसमें पांच-क्षेत्र स्थानिक ढांचे को भी अपनाया गया है, जिसमें अर्बन इंटरफ़ेस ज़ोन, ओपन एक्सेस फोरकोर्ट, ओपन एक्सेस सर्विसेज, सर्विस और ट्रांज़ैक्शन ज़ोन, और स्टाफ़ ज़ोन आते हैं, जिसे पहुंच, आवाजाही, परिचालन दक्षता और समग्र ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने केलिए बनाया गया है। प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट के तहत एसपीए डिजाइन मैनुअल के अनुसार कायाकल्प केलिए 17 राज्यों में 40 डाकघरों की पहचान की गई। 27 डाकघरों का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जिनमें से चार का उद्घाटन किया जा चुका है और 14 अन्य नवीनीकृत डाकघरों का उद्घाटन 24 अगस्त 2026 को किया गया।
प्रारंभिक चरण केतहत 40 डाकघरों में से शेष डाकघरों को 31 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष के दौरान इस कार्यक्रम को 60 और डाकघरों तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। जिन 14 पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया गया वे हैं- पाटलिपुत्र (बिहार), वसंत कुंज (दिल्ली), सेक्टर-56 गुरुग्राम (हरियाणा), कंकुरगाछी (कोलकाता), विदिशा और सांची (मध्य प्रदेश), शिलांग (मेघालय), कांदिवली वेस्ट (मुंबई), शंकरनगर और अयोध्या नगर (नागपुर), निराला नगर, गोमतीनगर और इंदिरानगर (लखनऊ), और प्रयागराज में हैं। नवीनीकृत डाकघरों में भारतीय डाक की एक विशिष्ट पहचान, बेहतर साइनेज, नागरिक केंद्रित लेआउट, समर्पित सेवा क्षेत्र और प्रौद्योगिकी सुविधाएं हैं, इनमें चौबीस घंटे सात दिन सेवा सुविधाएं, एटीएम, कार्यालय समय केबाद बुकिंग और जहांभी संभव हो, स्मार्ट पार्सल सेवाएं शामिल हैं। डाक मित्र और डाक सेवा केसाथ मिलकर यह आधुनिक अवसंरचना अंतिम छोर तक सेवा प्रदायगी को सुदृढ़ करती है, पहुंच और दक्षता को बढ़ाती है तथा विभाग का दृष्टिकोण भारतीय डाक को अधिक नागरिक केंद्रित बनाना है, जो डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के अनुरूप अपनी विश्वसनीय विरासत को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ता है। इस अवसर पर सचिव (डाक) सुब्रत दास, डाक विभाग के महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता और सदस्य (संपदा) प्रतिमा नाथ भी उपस्थित थे।